दबंग सलमान खान जो कहते हैं बेबाकी से कहते हैं। अपनी आगामी फिल्म 'दबंग 2' के लिए उन्होंने प्रोमोशन शुरू कर दिया है और इन दिनों वे मीडिया के लोगों से इस बारे में खुलकर बातचीत कर रहे हैं।
सलमान ने 'दबंग 2' के बारे में बात करते हुए कहा कि वे इस बात से अच्छी तरह से वाकिफ थे कि जब 'दबंग 2' रिलीज होगी तो लोग उनसे यह प्रश्न जरूर पूछेंगे कि आखिर अभिनव कश्यप ने 'दबंग 2' क्यों नहीं निर्देशित की। उन्होंने कहा, "मैं स्पष्ट कर दूं कि मैंने और अरबाज ने दोनों ने अभिनव कश्यप से बात की थी। हम बकायदा उनसे मिले थे। मैंने उनसे कहा भी कि उन्होंने पहली दबंग भी अच्छी लिखी थी और मुझे लगता है कि वे ही इसे बना सकते हैं। लेकिन अभिनव ने कहा कि वे इसे निर्देशित नहीं करना चाहते।"
सलमान ने कहा कि फिलहाल अभिनव कुछ और करना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने और अरबाज ने सोचा कि दबंग में जितना इन्वॉलवमेंट अरबाज का रहा है। वह हर तरह से फिल्म से जुड़ा रहा है तो वही सही व्यक्ति होगा जिसे यह फिल्म निर्देशित करनी चाहिए और मुझे खुशी है कि उसने अच्छी तरह अपना काम निभाया है।
सलमान ने साथ ही यह भी कहा कि वे इस बात के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं कि लोग अरबाज के काम की और अभिनव कश्यप के काम की तूलना जरूर करेंगे। यह अरबाज के लिए एक चुनौती होगी। सलमान ने कहा है कि उन्हें भी सबकी तरह 21 दिसंबर का इंतजार है।
साथ ही आपको बताते चलें कि करीना कपूर के इस फिल्म के खास आयटम नंबर फेविकॉल की पहली झलक बिग बॉस 6 के सेट पर देखने को मिलेगी। आगामी एपिसोड में सलमान भाई अरबाज और बेबो के साथ फिल्म को प्रोमोट करेंगे।