निर्देशक अभिनव कश्यप ने बीते दिनों सलमान खान पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए। इसके बाद सलमान खान ने 'बिग बॉस 19' के वीकएंड का वार में अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें जवाब दिया। मगर, दोनों के बीच यह फाइट थम नहीं रही। अभिनव कश्यप ने एक बार फिर सलमान खान पर निशाना साधा है। उन्होंने सलमान खान को 'क्रिमिनल' तक कह डाला है।
फिल्म 'बैटल ऑफ गलवां' में कास्टिंग पर उठाए सवाल
अभिनव कश्यप ने हाल ही में बॉलीवुड ठिकाना को दिए एक इंटरव्यू में सलमान खान पर निशाना साधते हुए फिल्म 'बैटल ऑफ गलवां' में उनकी कास्टिंग पर सवाल उठा डाले हैं। अभिनव ने पूछा कि उनके जैसा 'क्रिमिनल' फिल्म 'बैटल ऑफ गलवां' में एक वीर सेनानी (बहादुर सैनिक) की भूमिका क्यों निभा रहा है? उनके जैसा क्रिमिनल एक सैनिक की भूमिका निभाएगा?
सलमान खान ने क्या कहा था?
अभिनव ने आगे कहा, 'उन्होंने मुझसे एक फिल्म के लिए भीख मांगी और मैंने उन्हें 'दबंग' में मौका दिया, लेकिन उन्होंने मेरी पीठ में छुरा घोंपा। ये जो इन लोगों ने जहर डाला है न मेरे अंदर, ये जहर की उल्टी कर रहा हूं मैं'। इससे पहले, सलमान ने निर्देशक के उनके करियर को नुकसान पहुंचाने के आरोपों का जवाब दिया था। 'बिग बॉस 19' में वीकएंड का वार एपिसोड के दौरान सलमान खान ने कहा, 'एक दबंग इंसान है। मेरे साथ उन्होंने आमिर को भी लपेटे में ले लिया। पिछले वीकेंड के वार पर मैंने एक ऐसा ही बोला था के 'काम करो यार'। किसी को दिलचस्पी नहीं है।
सलमान ने कहा- 'मुझे एक बात बुरी लग रही'
अभिनव के आरोपों पर सलमान खान ने कहा, 'मुझे बात बुरी सिर्फ एक ही चीज लग रही है कि अपने आप को खत्म कर दिया। अगर किसी के परिवार के पीछे पड़ना है तो खुद के परिवार के पीछे पड़ो। अपने भाई के पीछे पड़ो, उससे प्यार करो, मां-पिता से प्यार कर लो, बीवी बच्चों का ख्याल रख लो'।