निर्देशक सुपर्ण वर्मा की डरावनी फिल्म 'आत्मा' प्रदर्शन के लिए तैयार है। यह फिल्म 22 मार्च को रिलीज होगी। खास बात यह है कि रिलीज से पहले ही 'आत्मा' के सीक्वल का एनाउंसमेंट हो गया है। फिल्म के निर्देशक ने कहा कि 'आत्मा 2' भी जरूर बनायी जाएगी।
'आत्मा' के फर्स्ट लुक जारी होने के मौके पर हुए कार्यक्रम में सुपर्ण वर्मा ने कहा कि हम 'आत्मा 2' की प्लानिंग अभी से कर रहे हैं। फिल्म की कहानी भी हमारे दिमाग में है। 22 मार्च को रिलीज हो रही इस फिल्म में बिपाशा बसु व नवाजुद्दीन सिद्दिकी ने अभिनय किया है। जब सुपर्ण से पूछा गया कि उन्होंने अपनी फिल्म के लिए नवाजुद्दीन का चयन कैसे किया, तो उन्होंने कहा कि वह उनसे मिले थे और कहा था कि वह या तो उनकी फिल्म में अभिनय के लिए तैयार हो जाएं या उस किरदार के मुताबिक किसी और कलाकार का सुझाव दें।
इसके बाद नवाजुदीन ने फिल्म की पटकथा सुनी और फिल्म के लिए हां कह दिया। नवाजुद्दीन इससे पहले 'कहानी', 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' और 'तलाश' जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। वह कहते हैं कि 'आत्मा' के भावनात्मक पहलू ने उन्हें उसमें काम करने के लिए आकर्षित किया।
उन्होंने कहा, "यह केवल डरावनी फिल्म नहीं है बल्कि इसका एक भावनात्मक पहलू भी है, जिसने मुझे इसकी ओर आकर्षित किया। मैं कहानी को महसूस कर सका क्योंकि खुद मेरी भी एक बेटी है। फिल्म में बच्चों व अभिभावकों के बीच जो रिश्ता दिखाया गया है, उसने मुझे आकर्षित किया।"