बॉलीवुड के कलाकार जब-तब राजनीति से प्रभावित होते रहे हैं। कभी वे खुलकर किसी पार्टी के साथ आए हैं तो कभी इशारों-इशारों में। राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन, सुनील दत्त, विनोद खन्ना, गोविंदा, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी इनके बड़े उदाहरण रहे हैं।
अब बारी इस समय के सुपरस्टार्स की है। बॉलीवुड की तीन सुपरस्टार्स ने इशारों ही इशारों में इस बात का संकेत दे दिया है कि वह उनकी राजनीतिक विचारधारा किस पार्टी के साथ है।
शाहरुख सबसे आगे
इन तीन खानों में सबसे पहले इशारा शाहरुख खान की तरफ आया। शाहरुख गांधी परिवार खासकर राहुल गांधी के करीबी हैँ। 2006 में रिलीज हुई उनकी फिल्म मैं हूं न के स्पेशल शो के लिए सोनिया गांधी को आमंत्रित करने के लिए वह खुद वहां पहुंचे।
उसके बाद आईपीएल 5 के मैच में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राबर्ट वाड्रा शाहरुख की टीम का उत्साह बढ़ाने के कोलकाता के स्टेडियम में शाहरुख के साथ पास पाए गए। चर्चा शाहरुख के कांग्रेस का चुनाव प्रचार करने की है।
आमिर दबी जुबान से हैं समर्थक
आमिर खान दबी जुबान से नई पार्टी बनी आम आदमी पार्टी के समर्थक बताए जाते हैं। आमिर खान तब से इस पार्टी के निर्माता अरविंद केजरीवाल के करीबी बताए जाते हैँ जब अन्ना आंदोलन चरम पर था।
दिल्ली में हुई आम आदमी पार्टी की जीत के बाद आमिर खान ने बयान दिया था कि देश में एक तरह की पार्टी की जरूरत है। आम आदमी पार्टी यह काम बखूबी कर सकती है।
सबसे बाद में आए सलमान
सलमान खान आमतौर पर राजनीतिक रुझानों से बचते हैँ। लेकिन उनकी फिल्म जय हो न उनसे कुछ ऐसा ही करा डाला। मकर संक्राति के मौके पर सलमान खान अहमदाबाद में पतंग उड़ाने पहुंचे।
उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा की ओर से पीएम पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी थे। सलमान ने नरेंद्र मोदी को राजनीति का गुड मैन बताया। इसके बाद से सलमान का भाजपा के प्रति झुकाव साफतौर पर दिखा।