ऐसे समय जबकि दीपिका पादुकोण के हाथ से फिल्म पद्मावती निकलने की चर्चाएं हैं, अब कहा जा रहा है कि वह निर्देशक विजय कृष्ण आचार्य की अगली फिल्म ठग साइन कर सकती हैं। फिल्म में आमिर खान और अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिकाओं में होंगे। पिछले कुछ समय से यह प्रोजेक्ट सुर्खियों में है और इसकी कास्टिंग पर तेजी से काम हो रहा है। अमिताभ फिल्म में काम करने की पुष्टि कर चुके हैं। आमिर भी तय माने जा रहे हैं।
अब खबर है कि जैकी श्रॉफ को भी फिल्म में एक अहम रोल के लिए साइन किया गया है। आचार्य की फिल्म धूम-3 में जैकी महत्वपूर्ण रोल में थे। उन्होंने आमिर के पिता की भूमिका निभाई थी। कहा जा रहा है कि ठगों की इस कहानी में हीरोइन भी विशेष जगह रखेगी और ऐसे में आमिर-अमिताभ के साथ बड़ी हीरोइन की तलाश दीपिका पर जाकर खत्म हो सकती है।
सूत्रों की मानें तो जब ऋतिक इस फिल्म में काम कर रहे थे, तब दीपिका से निर्देशक ने बात की थी और हीरोइन ने उन्हें हां कह दिया था। परंतु बाद में ऋतिक को स्क्रिप्ट में कुछ कमजोरियां दिखी और वह इस फिल्म से अलग हो गए। जबकि कुछ बदलावों के साथ आचार्य ने आमिर को स्क्रिप्ट सुनाई तो उन्होंने तुरंत हां कह दी।
बताया जाता है कि दीपिका ऋतिक के साथ काम करने के लिए हां कह चुकी थीं और अब आमिर-अमिताभ की एंट्री के बाद शूटिंग शेड्यूल की समस्या नहीं हुई तो वह यह फिल्म कर सकती हैं। शूटिंग अगले साल होगी और फिल्म को 2018 के क्रिसमस पर रिलीज किए जाने की योजना है।