अपनी अगली फिल्म लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग के लिए अभिनेता आमिर खान हिमाचल प्रदेश पहुंच गए हैं। लाल सिंह चड्ढा की कहानी ऐसे ही जिसमें कहानी का नायक अपनी प्रेम कहानी के जरिए पूरे देश के पिछले कई दशकों के हालात बताता है। मूल रूप से हिट हॉलीवुड फिल्म फॉरेस्ट गम्प के आधिकारिक रीमेक के तौर पर बन रही इस फिल्म के लिए आमिर ने हाल ही में पूरे देश में अपने दौड़ने वाले हिस्से की शूटिंग पूरी की है।
आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा इस साल क्रिसमस पर रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म का निर्देशन कभी उनके मैनेजर रहे अद्वैत चंदन कर रहे हैं। अद्वैत इससे पहले सीक्रेट सुपरस्टार का निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म में करीना कपूर खान फिल्म तलाश और थ्री इडियट्स के बाद फिर से आमिर खान के साथ नजर आएंगी। आमिर खान की कंपनी आमिर खान प्रोडक्शंस ही इस फिल्म का निर्माण कर रही है।
हिमाचल प्रदेश पहुंचे आमिर वहां स्थानीय लोगों के साथ बातें करते और वक्त गुजारते नजर आए। फिल्म में उनका किरदार एक फौजी का है जो बचपन में शारीरिक अपंगता का शिकार होता है लेकिन अपनी जिजीविषा और दृढ़ संकल्प के चलते न सिर्फ वह ठीक से चलने फिरने लगता है बल्कि आगे चलक भारतीय सेना में शामिल होकर फौज के साथ कुछ निर्णायक मोर्चों पर तैनात रहता है। फिल्म के मुख्य हिस्से की शूटिंग पंजाब और हिमाचल प्रदेश में होनी है।
आमिर की पिछली फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तान बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी और उसके बाद लंबा समय लेने के बाद अपने पिछले जन्मदिन पर आमिर ने फिल्म लाल सिंह चड्ढा का ऐलान किया था। क्रिसमस पर इस फिल्म का मुकाबला अक्षय कुमार की फिल्म बच्चन पांडे से संभावित है।