चंडीगढ़ में फिल्म 'लाल सिंह चड्डा' के रोमांटिक गाने की शूटिंग खत्म करने के बाद अब फिल्म की टीम फिल्म के अगले शेड्यूल के लिए अमृतसर रवाना हो गई है। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान और करीना कपूर खान इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म 'लाल सिंह चड्डा' की शूटिंग में व्यस्त है। फिल्म की शूटिंग फिलहाल पंजाब के चंडीगढ़ में की जा रही थी जहां आमिर खान और करीना कपूर पर एक रोमांटिक गाने को फ़िल्माया गया है। चंडीगढ़ में शूटिंग पूरी करने के बाद, अब फ़िल्म की सम्पूर्ण टीम ने 8 दिनों के शेड्यूल के लिए अमृतसर शहर का रुख कर लिया है जहाँ फ़िल्म के अन्य भाग को अंजाम दिया जाएगा।
बता दें कि आमिर खान के लिए यह फ़िल्म बेहद खास है और अभिनेता ने फ़िल्म के लुक में ढलने के लिए खुद पर कड़ी मेहनत भी की है जिसकी एक झलक हाल ही में अभिनेता द्वारा साझा की गई थी। आमिर खान और करीना कपूर खान फ़िल्म 'लाल सिंह चड्ढा' के साथ लंबे समय के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे है जिसके लिए प्रशंसक ख़ासा उत्साहित हैं। यह जोड़ी प्रशंसको की पसंदीदा है और '3 इडियट्स' जैसी कई फिल्मों में एक साथ नज़र आने के बाद, अब 'लाल सिंह चड्ढा' में स्क्रीन स्पेस साझा करते हुए नज़र आएगी।
फिल्म 'लाल सिंह चड्डा', 1994 की प्रतिष्ठित हॉलीवुड क्लासिक और अमेरिकी कॉमेडी-ड्रामा 'फॉरेस्ट गंप' से प्रेरित है, जिसमें सुपरस्टार अपनी प्रथा को जारी रखते हुए एक अनदेखे अवतार में अपने प्रशंसकों से रूबरू होंगे। अतुल कुलकर्णी द्वारा लिखित यह फिल्म अद्वैत चंदन द्वारा निर्देशित की जा रही है। फिल्म अगले साल 2020 की क्रिसमस के अवसर पर रिलीज होने के लिए तैयार हो रही है।