त्योहारी सीजन में फिल्म रिलीज करना फायदेमंद होता है। तभी सभी की चील सी नजर ईद, दीवाली सी अहम तारीखें लपकने पर गड़ी रहती हैं। दीवाली पर हाल के बरसों तक किंग खान की ही फिल्में आती थीं, मगर पहले अजय देवगन और अब आमिर खान ने उस तारीख पर हमला बोल दिया है। दोनों के अलावा खुद शाह रुख खान के करीबी करण जौहर ने भी दीवाली पर दूसरे स्टार के संग दीवाली पर धावा बोल दिया है। इस दीवाली उनकी ए दिल है मुश्किल और अजय देवगन की शिवाय आ रही है।
2018 की दीवाली आमिर के नाम
दो साल बाद दीवाली पर आमिर खान 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान ' में नजर आएंगे। इसे धूम3 बना चुके विजय कृष्ण आचार्य डायरेक्ट करेंगे। यह वही फिल्म है, जिसमें वे अमिताभ बच्चन के साथ होंगे। कुछ दिनों पहले बिग बी ने इसकी पुष्टि की थी। अब खुद आमिर खान ने यह खबर कंफर्म कर दी है। सिने इतिहास में यह पहली बार होगा, जब दो अलग पीढी के कद्दावर कलाकार एकसाथ बतौर जोड़ी स्क्रीन शेयर करेंगे। यह बात अलग है कि लगान में वॉयस ओवर बच्चन साहब ने दिया था।
अब तक क्रिसमस के रहे हैं किंग
यह पहली बार है, जब आमिर खान दीवाली पर किसी फिल्म के साथ आएंगे। अब तक उनकी फिल्में क्रिसमस पर आती रही हैं और तकरीबन सभी बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ती रही हैं।