साउथ में बॉलीवुड स्टार आमिर खान किंग खान पर भारी पड़ रहे हैं। आमिर खान की धूम 3 क्रिसमस के अवसर पर तमिलनाडु में रिलीज हो रही है। इस एक्शन थ्रिलर को तमिलनाडु में सत्यम सिनेमा हिंदी और तमिल में डिस्ट्रिब्यूट कर रही है।
धूम 3 के लिए अब तक तमिलनाडु में 150 स्क्रीन्स बुक किए जा चुके हैं। उम्मीद है कि क्रिसमस पर इस फिल्म को 175 से 200 स्क्रीन्स पर दिखाया जाएगा जो शाहरुख खान की 'चेन्नई एक्सप्रेस' के आंकड़ों से कहीं ज्यादा है।
इस बात की भी चर्चा है 'धूम 3' तमिलनाडु में कलेक्शन के मामले में भी 'चेन्नई एक्स्प्रेस' का रिकॉर्ड तोड़ेगी।
यशराज फिल्म के बैनर तले आदित्य चोपड़ा इस फिल्म के निर्माता हैं। धूम 3 में अभिषेक बच्चन और उदय चोपड़ा के अलावा आमिर-कैट की जोड़ी है।