गांव का नया नाम 'हीरो ची वाड़ी'
महाराष्ट्र के इगतपुरी इलाके के ग्रामीण इरफान खान के इतने बड़े प्रशंसक हैं कि अभिनेता की फिल्में देखने के लिए वे 30 किलोमीटर दूर यात्रा करके जाया करते थे। अब एक्टर की याद में इस गांव ने अपना नाम ही बदल दिया है। इसका नाम अब 'हीरो ची वाड़ी' हो गया है। यह गांव महाराष्ट्र के नाशिक जिले में पड़ता है।
ग्रामीणों की मदद करते थे इरफान
इरफान खान ने महाराष्ट्र के नासिक जिले के इस गांव के लोगों की खूब मदद की। अभिनेता के इस योगदान के सम्मान का गांव वालों ने अनोखा तरीका चुना। दरअसल, इगतपुरी तहसील में ऐतिहासिक त्रिलंगवाड़ी किले के पास एक मोहल्ले को पहले पटरियाचा वाडा के नाम से जाना जाता था। इसका नाम बदलकर दिवंगत अभिनेता के सम्मान में 'हीरो ची वाडी' कर दिया गया है। इसका मतलब है 'हीरो का पड़ोस'। इंस्टाग्राम पर 'द कल्चर गली' (@theculturegully) नाम के हैंडल से एक वीडियो शेयर कर यह जानकारी दी गई है।
गांव वालों को मुहैया कराईं कई सुविधाएं
गांव वालों ने यह फैसला इरफान के सम्मान में लिया है। करीब 15 वर्षों तक इरफान इस गांव में एक फार्महाउस के मालिक थे। ग्रामीण समुदाय की भी उन्होंने काफी मदद की थी। दिवंगत अभिनेता ने गांव में एंबुलेंस मुहैया कराईं। कंप्यूटर और किताबें दान कीं। खराब मौसम के दौरान बच्चों को रेनकोट और स्वेटर मुहैया कराए। उन्होंने स्कूल निर्माण के लिए भी आर्थिक सहयोग दिया। 29 अप्रैल 2020 को न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर नाम का कैंसर के चलते इरफान दुनिया को अलविदा कह गए।