इस पर ईशान खट्टर ने कहा, 'इसमें संयोग का बड़ा हाथ है, क्योंकि मेरी उम्र का कलाकार जो संघर्ष कर रहा हो वह ऐसी चीजों को चुनने की स्थिति में नहीं होता है कि वह अपनी मर्जी से फिल्म और किरदार चुन सके। सही बात तो यह है कि एक कलाकार को अनुकूलनीय होना चाहिए। इसलिए मैं इसमें ऊपर वाले का आशीर्वाद मानता हूं कि मुझे ऐसे किरदार मिले।'
वेब सीरीज 'ए सूटेबल ब्वॉय' में अपने किरदार के बारे में बात करते हुई ईशान खट्टर ने कहा, 'इस वेब सीरीज में मेरा जो मान का किरदार है वह सोच से बिल्कुल परे है। हम सोचेंगे कि मान अब कुछ करने वाला है, लेकिन ठीक दूसरे पल वह उसके विपरीत करते हुए नजर आता है। इसलिए यह बेहद दिलचस्प किरदार है। इस किरदार को करने का मुझे अच्छा मौका मिला, जिसमें मैंने अभिनय के कई रंग जिए।'
मीरा नायर की फिल्मों पर बात करते हुए ईशान खट्टर ने कहा, 'मुझे उनके सिनेमा से बहुत मोहब्बत है। मैंने उनके सिनेमा को बहुत देखा है। मैं काफी समय से उनकी फिल्मों को देखता आया हूं। मैं 15 साल की उम्र से फिल्म फेस्टिवल में फिल्में देखने लगा था, लेकिन मीरा नायर की सलाम बॉम्बे ऐसी फिल्म थी जिसे मैंने डीवीडी पर देखा। क्योंकि इस फिल्म के बारे में मैंने बहुत सुना था।' इसके अलावा ईशान खट्टर ने अमर उजाला से वेब सीरीज 'ए सूटेबल ब्वॉय' को लेकर और भी ढेर सारी बातें कीं।
पढ़ें: महाष्टमी के मौके पर अमृता राव ने साझा किया अपना वीडियो, माता दुर्गा से मांगी यह दुआ