बॉलीवुड की जानीमानी सिंगर पलक मुछाल को लेकर एक खबर सामने आ रही है। 'आशिकी 2' और 'प्रेम रतन धन पायो' जैसी फिल्मों के गाने गा चुकी पलक को कई दिनों से एक शख्स तंग कर रहा था।
मुंबई मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, खुद को पलक का फैन बताते वाले एक शख्स ने बीते कुछ दिनों से उन्हें काफी तंग किया हुआ है। शख्स पलक का पीछा करता है और मुलाकात करने की जिद्द पर अड़ा हुआ रहता है।
अपनी मांग पूरी न होने पर उस शख्स ने पलक को फोन पर अपशब्द कहा और धमकी भी दी। इतना ही नहीं उस शख्स ने पलक को कहा कि वो उनका पता जानता है और अगर वो उनसे नहीं मिलीं तो वो उनके फ्लैट पर भी पहुंच जाएगा।
फिलहाल उस शख्स को छत्रपति शिवाजी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया, “पीछा करने के जुर्म में सेक्शन 354 (D) और आपराधिक धमकी के जुर्म में धारा 506 के तहत शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।