पिछले साल हुए दिल्ली गैंगरेप और उसके बाद शुरु हुए जनआंदोलनों पर केंद्रित एक बंगाली फिल्म जल्द ही आपको देखने को मिलेगी। इस फिल्म में देश के अलग-अलग शहरों में हुए आंदोलनों को एक कड़ी में पिरोया जाएगा। ‘निर्भया’ नाम की इस बंगाली फिल्म का निर्देशन मिलन भौमिक कर रहे हैं।
इस फिल्म में वरिष्ठ अभिनेता सौमित्र मुख्य किरदार के रूप में नजर आएंगे। भौमिक ने बताया कि इस फिल्म में दुष्कर्म के बाद देशभर में हुए प्रदर्शनों को प्रमुखता दी गई है। एक इंसान होने के नाते हम सभी इस घटना से दुखी हैं। गैंगरेप की शिकार हुई उस बहादुर लड़की पर मैंने बड़ी गंभीरता से यह फिल्म बनाई है।
मिलन भौमिक के अनुसार फिल्म इस घटना और उससे उपजे आंदोलन के फलसफे पर सवाल उठाती है। फिल्म यह प्रश्न पूंछती है कि घटना के बाद तमाम प्रदर्शन और रैलियों के बावजूद क्या हम लड़कियों की जिंदगी को बेहतर कर पाए हैं। क्या उनमें इस बात की भावना बढ़ी है कि वह अब पहले की तुलना में सुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि चूंकि मीडिया ने पीड़िता की पहचान जाहिर नहीं की और उसे निर्भया नाम दे दिया इसलिए मैंने भी अपनी फिल्म का शीर्षक यही रखा है। भौमिक इस फिल्म की तुलना 'रंग दे बसंती' से नहीं करते। मिलन भौमिक कहते हैं कि मुझे नहीं पता कि मेरी फिल्म हिट होगी या फ्लॉप। मैंने इसमें कोई व्यवसायिक पहलू का इस्तेमाल भी नहीं किया है।