जानकारी के मुताबिक पूर्व पत्रकार अनिरुद्ध ने राजीव गांधी हत्याकांड पर लंबा काम किया है। उन्होंने इस अपराध में शामिल होने वालों पर तमाम खबरें भी ब्रेक कीं। उनकी किताब 'नाइनटी डेज: द ट्रू स्टोरी ऑफ द हंट फॉर राजीव गांधी असैसिन' पर बनी रही वेब सीरीज में यह दर्शाया जाएगा कि कैसे सीबीआई की विशेष इन्वेस्टिगेशन टीम ने हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया, हत्यारों की पहचान की और मास्टरमाइंड को उसके अंतिम ठिकाने तक पहुंचाया।
निर्देशक नागेश कुकुनूर कहते हैं, "मैं राजीव गांधी की हत्या पर आधारित सीरीज बनाने के लिए काफी उत्सुक हूं। सीरीज के निर्माता अप्लॉज एंटरटेनमेंट के साथ सहयोग करना हमेशा एक समृद्ध और रचनात्मक रूप से संतोषजनक अनुभव रहा है। मैं ये देखने के लिए उत्साहित हूं कि ये सीरीज बनकर कैसी तैयार होती है?”
लेखक अनिरुद्ध मित्रा कहते हैं, "अपनी किताब के जरिए मैंने भारत में शुरू किए गए सबसे बड़े खोजी अभियान का सबसे सटीक विवरण प्रदान करने की कोशिश की है। ऑडियो विजुअल फॉर्मेट इस तरह की कहानी के कई पहलुओं और लेयर्स को बहुत ही बारीकी और मनोरंजक तरीके से प्रस्तुत करता है। मुझे पूरा विश्वास है कि नागेश कुकुनूर जैसे मंझे हुए निर्देशक के नेतृत्व में बन रही यह सीरीज बहुत ही रोमांचक होगी।"
अप्लॉज एंटरटेनमेंट के सीईओ समीर नायर कहते हैं, "अनिरुद्ध मित्रा की किताब का एडेप्टेशन निश्चित रूप से एक सम्मोहक कहानी है जिसे बताना जरूरी है। अधिकांश लोग समाचार के माध्यम से इस घटना के बारे में जानते हैं। इस दिल को छू लेने वाली कहानी को आज के दर्शक वर्ग तक पहुंचाने के लिए हम एक बार फिर से निर्देशक नागेश कुकुनूर के साथ सहयोग करके खुश हैं।”