26 जुलाई को हिंदी की पांच फिल्में रिलीज हो रही है। इसी शुक्रवार को तीन नए चेहरे बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। इन नए चेहरों में एक अभिनेता और दो अभिनेत्रियां हैं।
फिल्म 'लव यू सोणियो' से दो चेहरे बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। इन दोनों चेहरों की अपनी अलग-अलग पहचान है। हिंदी और साउथ फिल्मों की पूर्व अभिनेत्री रति अग्निहोत्री के बेटे तनुज विरवानी फिल्मों में इंट्री कर रहे हैं। यह तनुज की पहली फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन जॉय रंजन ने किया है।
डेब्यू करने वालों में दूसरा नाम है मिस इंडिया इंटरनेशनल 2010 की विजेता नेहा हिंगे का। नेहा भी अपनी फिल्मी पारी 'लव यू सोणियो' फिल्म से ही शुरू कर रही हैं। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर नेहा मध्य प्रदेश की हैं। नेहा को सौंदर्य प्रतियोगिता में देख कर निर्देशक मधुर भंडारकर इतने इंप्रेस हुए कि उन्होंने राजन से उनकी सिफारिश कर दी।
तीसरा नाम एक नयी अभिनेत्री अम्यारा दस्तूर का है। सुंदर और शालीन चेहरे वाली यह लड़की पहले कई विज्ञापनों में नजर आ चुकी है। अम्यारा 'इशक' फिल्म से अपनी बॉलीवुड की पारी शुरू करने जा रही हैं।
मनीष तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अम्यारा के अपोजिट प्रतीक बब्बर हैं। सेक्शपियर के नाटक "रोमियो और जूलियट" से प्रेरित इस फिल्म का बैकग्राउंड बनारस का है।
अब देखना यह है कि इंडस्ट्री को मिल रहे इन तीन नए चेहरों में सबसे लंबी रेस कौन लगा पाता है। इन तीनों को ही अपनी पहली फिल्म में मुख्य भूमिका मिली है।