अपने जन्मदिन पर सलमान को सौ करोड़ का तोहफा मिलने जा रहा है। यह तोहफा जरा अलग तरह का होगा। 21 दिसंबर को रिलीज हुई उनकी फिल्म 'दबंग 2' उनके जन्मदिन के दिन 100 करोड़ के आंकड़े के पार निकल जाएगी। बुधवार की शाम तक जो फिल्म के जो कलेक्शन आए थे उनके अनुसार फिल्म ने 100 करोड़ के आंकड़े को छू लिया था।
गुरुवार को उनके जन्मदिन के दिन यह फिल्म 100 करोड़ से भी आगे बढ़ जाएगी। पिछले शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले तीन दिन में 64 करोड़ रूपए कमाए। सोमवार को इस फिल्म की पकड़ कुछ कम हुई लेकिन उसके अगले ही दिन क्रिसमस के मौके पर इस फिल्म ने खूब दर्शक बटोरे। सोमवार से बुधवार की शाम तक इस फिल्म ने लगभग 34 करोड़ रूपए का कारोबार किया। ट्रेड जानकारों के मुताबिक इस गुरुवार की शाम तक यह फिल्म 110 करोड़ रूपए की कमाई कर सकती है।
'दबंग 2' के 200 करोड़ के क्लब में शामिल होने की पूरी संभावना बन गई है। इस सप्ताह किसी भी बड़ी फिल्म का प्रदर्शन न होने से मल्टीप्लेक्सों में 'दबंग 2' ही प्रमुखता से दिखाई जाएगी। लोग नए साल के मौके पर भी फिल्म का लुत्फ उठाएंगे। ऐसे में पूरी संभावना बनती है कि यह फिल्म इस सप्ताह भी 70 से 80 करोड़ रूपए का कारोबार कर ले। तीसरे सप्ताह भी फिल्म के चलते रहने की उम्मीद है। जन्मदिन पर यह सलमान के लिए सबसे बेहतर तोहफा होगा।