रिटायर्ड डॉक्टर ने क्या आरोप लगाया?
डॉक्टर विद्याधर गायकवाड़ (63) साल 2021 में पुणे के कैंटोनमेंट अस्पताल से मेडिकल ऑफिसर के पद से रिटायर हुए थे। वे करुणादीप फाउंडेशन नाम के एक सामाजिक संगठन से जुड़े हुए हैं। इस संस्था ने बीते 1 से 3 सितंबर के बीच पुणे के बालगंधर्व रंगमंदिर में 'कला आविष्कार महोत्सव' नाम से एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया था। डॉक्टर गायकवाड़ के भाई महेंद्र ने पुलिस को बताया कि इस कार्यक्रम में दिव्या शिंदे को कोई इन्विटेशन नहीं दिया गया था, फिर भी वह वहां बिन बुलाए पहुंचीं और एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर मंच से लोगों को संबोधित किया।
पांच लाख की मांग का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद दिव्या शिंदे ने यह दावा करते हुए 5 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी कि उसकी मौजूदगी की वजह से ही इस पूरे इवेंट को पब्लिसिटी मिली है। डॉक्टर विद्याधर ने दबाव में आकर दिव्या को 'गूगल पे' के जरिए करीब 50 हजार रुपये ट्रांसफर भी कर दिए थे, लेकिन दिव्या का मन इतने से नहीं भरा और वह लगातार बाकी के पैसों के लिए दबाव बनाती रही।
जान से मारने की धमकी दी
24 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे दिव्या शिंदे अपने साथी अन्ना धामधरे और कुछ अन्य लोगों के साथ न्याति हाइलैंड्स स्थित डॉक्टर गायकवाड़ के आवास पर पहुंची। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने डॉक्टर से 5 लाख रुपये में से बाकी की रकम तुरंत देने को कहा। जब डॉक्टर ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने लकड़ी के डंडे, बेल्ट और धातु के बर्तन से डॉक्टर गायकवाड़ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने पूरे घर में तोड़फोड़ मचाई और पैसे न देने पर डॉक्टर और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। हमले में गंभीर रूप से घायल डॉक्टर गायकवाड़ को इलाज के लिए ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के अगले दिन पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर कालेपड़ल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दिव्या शिंदे को हत्या के प्रयास के मामले में अरेस्ट कर लिया। पुणे की रहने वाली दिव्या शिंदे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काफी मशहूर हैं और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर उनके 10 लाख से भी ज्यादा फॉलोअर्स हैं। सोशल मीडिया पर उनके फैंस उन्हें 'सरकार' के नाम से जानते हैं। दिव्या शिंदे 'बिग बॉस मराठी सीजन 6' में बतौर प्रतिभागी शामिल हुई थीं। हालांकि, इसी साल फरवरी में शो के दौरान अपने को-कंटेस्टेंट्स को धमकाने और बदतमीजी करने के आरोपों के चलते उन्हें शो से बाहर कर दिया गया था।