टीवी के पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का 20वां सीजन दर्शकों के बीच लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। सलमान खान की होस्टिंग से लेकर घर के अंदर कंटेस्टेंट्स के बीच होने वाली नोकझोंक तक, शो का हर पहलू चर्चा का विषय बना हुआ है। कभी सलमान खान का शर्टलेस अंदाज सोशल मीडिया पर छाया, तो कभी उनकी कंटेस्टेंट्स को लगाई गई फटकार ने खूब ध्यान खींचा।
वहीं, घर में होने वाले विवादों और दिलचस्प टास्क ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। अब इस सीजन ने व्यूअरशिप के मामले में ऐसा रिकॉर्ड कायम किया है, जिसने इसके पुराने सभी सीजन को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा घर को उसका नया कैप्टन भी मिल गया है।
बिग बॉस 20
- फोटो : यूट्यूब
'बिग बॉस 20' ने रचा इतिहास
हाल ही में शो का एक प्रोमो सामने आया, जिसमें सलमान खान ने वीकेंड का वार के दौरान यह जानकारी दी कि ‘बिग बॉस 20’ ने जियोहॉटस्टार पर 60 दिन पूरे होने से पहले ही 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम दर्ज कर लिया है।
इसके साथ ही यह शो के दो दशक लंबे सफर में इतनी तेजी से इस आंकड़े तक पहुंचने वाला पहला सीजन बन गया है। इस बार सिर्फ दर्शकों की संख्या ही नहीं बढ़ी, बल्कि वोटिंग के मामले में भी फैंस ने जमकर उत्साह दिखाया है। सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, सीजन को अब तक 350 करोड़ से अधिक वोट मिल चुके हैं।
वोटिंग में भी जबरदस्त उछाल
वहीं, जियोस्टार की तरफ से जारी आंकड़े बताते हैं कि पिछले सीजन के मुकाबले इस बार वोटिंग में 71 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, वोट करने वाले दर्शकों की संख्या में भी 48 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
ये आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि दो दशक का सफर तय करने के बाद भी ‘बिग बॉस’ को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बरकरार है। बल्कि इस सीजन में फैंस की सक्रिय भागीदारी ने शो की लोकप्रियता को एक नया मुकाम दिया है।
अरिश्फा खान
- फोटो : सोशल मीडिया
विदेशों में भी शो का जलवा
‘बिग बॉस 20’ का दबदबा केवल भारतीय दर्शकों तक ही सीमित नहीं है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस सीजन को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। जियोहॉटस्टार पर यह शो ब्रिटेन, कनाडा और सिंगापुर में लगातार टॉप 5 शोज में अपनी जगह बनाए हुए है।
वहीं, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भी इसे खूब पसंद किया जा रहा है। यहां लाइव स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म स्टार्जप्ले पर ‘बिग बॉस 20’ फिलहाल नंबर वन शो बना हुआ है। खास बात यह है कि शो की शुरुआत से ही यह प्लेटफॉर्म के टॉप 10 शोज में शामिल रहा है।
अरिश्फा खान बनीं घर की नई कप्तान
इसके अलावा इस हफ्ते अरिश्फा खान 'बिग बॉस 20' की नई कैप्टन बन गई है। घर के सभी सदस्यों ने एक-एक करके अरिश्फा के फेवर में वोट किया। वहीं, दिवाली के मौके पर गुल्लू और लव ने मिलकर लड्डू बनाए, जिन्हें लेकर आम्रपाली, गुल्लू और लव के बीच प्यारी सी नोकझोक भी देखने को मिली।