'बिग बॉस 19' की सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली कंटेस्टेंट तान्या मित्तल आखिरकार शो खत्म होने के बाद अपने घर पहुंच चुकी हैं। जिस तान्या ने पूरे सीजन अपनी बेबाक बातों, लग्जरी लाइफस्टाइल और आत्मविश्वास से दर्शकों का ध्यान खींचा, वही तान्या घर पहुंचते ही काफी इमोशनल नजर आईं। ग्वालियर में उनके स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तान्या अपने पिता के गले लगकर फूट-फूटकर रोती दिखाई दे रही हैं।
फूट-फूट कर रोईं तान्या मित्तल
घर के बाहर फूल-मालाओं से सजा गेट, खड़ी महंगी गाड़ियों की कतार और अंदर जश्न का माहौल- यह सब तान्या की उस दुनिया की झलक देता है, जिसकी झलक उन्होंने बिग बॉस के घर में कई बार दी, लेकिन नाम और पहचान कभी सार्वजनिक नहीं की। वीडियो में तान्या अपने पिता से लिपटते हुए कहती हैं कि उन्होंने जानबूझकर शो के दौरान परिवार का नाम नहीं लिया, ताकि किसी को उनके बारे में गलत बातें कहने का मौका न मिले। इस एक लाइन ने उनके फैंस के दिल को छू लिया।
तान्या का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
बिग बॉस के पूरे सफर में तान्या बार-बार अपने घर, अपने संस्कार और अपने संघर्षों की बात करती रहीं, लेकिन कभी मां-बाप या रिश्तेदारों का नाम सामने नहीं आने दिया। यही वजह है कि शो के बाहर भी लोग उनके परिवार को लेकर कयास लगाते रहे। अब जब तान्या घर पहुंचीं, तो यह भावुक मुलाकात मानो हर सवाल का जवाब बन गई। इसके अलावा तान्या ने अपने घर से एक और वीडियो साझा किया है जिसमें उन्होंने बताया है कि वो इसी तरह से पूरे परिवार के साथ मिलकर फिल्में देखते हैं।
वायरल वीडियो में तान्या सिर्फ पिता ही नहीं, बल्कि अपने मामा और परिवार के दूसरे सदस्यों से भी गले लगती नजर आती हैं। वह यह कहते हुए भावुक हो जाती हैं कि नाम न लेने के बावजूद लोग परिवार का मजाक उड़ाते रहे। इस पर फैंस ने सोशल मीडिया पर तान्या के समर्थन में जमकर कमेंट किए। किसी ने उन्हें दिल से अमीर कहा, तो किसी ने लिखा कि इतने उतार-चढ़ाव के बाद पिता की बाहों में सुकून मिलना लाजमी है।
यह खबर भी पढ़ें: अंकिता लोखंडे-विक्की जैन के घर पर GST की छापेमारी, शादी की सालगिरह के जश्न के बीच मिली खबर
सबसे ज्यादा चर्चित कंटेस्टेंट रहीं तान्या
गौरतलब है कि तान्या मित्तल भले ही बिग बॉस 19 की ट्रॉफी अपने नाम न कर पाईं हों, लेकिन शो की सबसे ज्यादा वायरल और चर्चित चेहरा वही रहीं। सलमान खान भी मंच से यह कह चुके हैं कि जीत सिर्फ ट्रॉफी तक सीमित नहीं होती। शो खत्म होते ही तान्या की झोली में काम भी आ गया है। उन्हें पहला एक्टिंग असाइनमेंट और एक विज्ञापन फिल्म मिल चुकी है, वहीं इंडस्ट्री में उनके अगले कदम को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।