'बिग बॉस 19' अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जैसे-जैसे फिनाले नजदीक आ रहा है, घर के अंदर का माहौल और भी भावुक होता जा रहा है। फैमिली वीक की शुरुआत के साथ ही कंटेस्टेंट्स को अपने परिवार वालों से मिलने का मौका मिल रहा है। इसी बीच सिंगर अमाल मलिक से मिलने के लिए उनके भाई और सिंगर अरमान मलिक घर के अंदर पहुंचे हैं। भाई अरमान को देखकर अमाल मलिक खुद को रोक नहीं पाए और रोने लगे।
मेकर्स ने जारी किया प्रोमो
प्रोमो में अरमान मलिक की एंट्री दिखाई गई है। जैसे ही वो बिग बॉस हाउस में अंदर आते हैं, वो अपना गाना गाने लगते हैं। ‘कौन तुझे यूं प्यार करेगा’ गुनगुनाते हुए अरमान घर के अंदर दाखिल होते हैं। अपने छोटे भाई को घर में देखकर अमाल काफी भावुक होते हुए नजर आ रहे हैं। अरमान आगे बढ़कर अपने भाई को कसकर गले लगाते हैं, जबकि अमाल फ्रीज पोज में ही बरसों की भावनाएं आंखों से बहने देते हैं। जैसे ही बिग बॉस कहते हैं अमाल रिलीज। अमाल टूट पड़ते हैं और दोनों भाई एक-दूसरे से लिपटकर रोने लगते हैं।
सोशल मीडिया पर भावुक हुए फैंस
इस पल ने सोशल मीडिया पर भी तहलका मचा दिया है। किसी ने इसे सबसे प्यारा ब्रदर मोमेंट बताया, तो कई फैन्स ने मेकर्स से अपील की कि इस सीन का कोई भी हिस्सा एडिट न किया जाए। कुछ यूजर्स ने लिखा, 'ऐसे पलों की वजह से ही फैमिली वीक खास बनता है।'
यह खबर भी पढ़ें: काजोल ने दिल जीतने वाले अंदाज में दी जीनत अमान को जन्मदिन की बधाई
भाई को बाहर से सपोर्ट कर रहे थे अरमान
अरमान मलिक शुरू से ही अपने भाई के समर्थन में आगे रहे हैं। शो के बाहर रहते हुए भी उन्होंने अमाल को नकारात्मकता से बचाने और दर्शकों के सामने उनकी असल छवि रखने की कोशिश की है। उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर फैंस से अमाल के लिए वोट करने की अपील भी की थी, यह कहते हुए कि फिनाले के करीब पहुंचते-पहुंचते हर वोट बहुत मायने रखता है। अरमान ने यह भी स्वीकार किया था कि अमाल को शो में लेकर की जा रही अनचाही आलोचनाओं से उन्हें दुख होता है, क्योंकि लोग असल में उन्हें जानते ही नहीं।
बिग बॉस 19 में टॉप 9 कंटेस्टेंट्स
बिग बॉस 19 अब फिनाले की उलटी गिनती में है और घर में सिर्फ 9 सदस्य बचे हैं- गौरव खन्ना, अमाल मलिक, फरहाना भट, शहबाज बदेशा, तान्या मित्तल, मालती चाहर, कुनिका सदानंद, अशनूर कौर और प्रणित मोरे। हर कंटेस्टेंट अपनी जगह बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन फैमिली वीक ने इस मुकाबले में एक नया भावनात्मक मोड़ जोड़ दिया है।