अभिनेता और ‘बिग बॉस 18’ के रनर अप विवियन डीसेना के फैंस का दिल तब टूट गया जब वह शो की ट्रॉफी से एक कदम दूर रह गए। विवियन ने बिग बॉस की ट्रॉफी के लिए अपने कड़े प्रतिद्वंदी करणवीर मेहरा से कंपटिट किया और करण शो जीतने में कामयाब रहें। शो खत्म होने के बाद विवियन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए अपने प्रशंसकों से माफी मांगी और उनके समर्थन के लिए आभार जताया।
विवियन ने फैंस से मांगी माफी
विवियन डीसेना ने घर से बाहर आते ही अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट की, जिसमें उन्होंने अपने फैंस से इसलिए माफी मांगी कि वह ट्रॉफी नहीं जीत सके। विवियन ने लिखा, “मुझ पर निस्वार्थ प्यार और विश्वास दिखाने के लिए आप सभी का तहे दिल से शुक्रिया। मैंने आपकी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश की, मुझे माफ करिएगा अगर मैंने आपको किसी भी तरह से निराश किया।” उन्होंने आगे कहा, मैं आपकी भावनाओं को समझ सकता हूं और भावनाओं का यह उफान देखकर मैं भी भावुक हो गया हूं। आप सभी का साथ पाकर मैं बेहद खुश और गौरवान्वित हूं। मैं वादा करता हूं कि मैं कड़ी मेहनत करूंगा और हर तरह से आपकी उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।" अभिनेता ने आगे कहा, "आप सभी मेरा परिवार और मेरी सबसे बड़ी ताकत हैं। मैंने अपने जीवन में जो कुछ भी हासिल किया है, वह केवल आपकी वजह से है। मैं अपने प्रशंसकों का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। आप सभी को मेरा सलाम।"
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें:
Vivian Dsena: विवियन डीसेना नहीं जीते ट्रॉफी तो गुस्साई पत्नी नूरान? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
टॉप 6 में पहुंचे थे ये प्रतिभागी
‘बिग बॉस 18’ के घर में 100 दिनों से ज्यादा समय बिताने के बाद, विवियन डीसेना, करणवीर मेहरा, अविनाश मिश्रा, रजत दलाल, ईशा सिंह और चुम दरांग शो के टॉप 6 फाइनलिस्ट बने थे। ग्रैंड फिनाले के दिन विनर की रेस से बाहर होने वाली पहली प्रतिभागी ईशा सिंह थीं, उसके बाद चुम दरंग फिर अविनाश और रजत इस रेस से बाहर हुए। जैसे ही विवियन और करण ने ‘बिग बॉस 18’ के घर की लाइट बंद की और होस्ट सलमान खान के साथ मंच पर खड़े हुए, सलमान ने अपने खास अंदाज में करण वीर मेहरा को विजेता घोषित किया और अभिनेता ने 50 लाख रुपये के चेक के साथ ट्रॉफी अपने घर ले गए।
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें:
Bigg Boss 18 Winner Karan: बिग बॉस की जीत के बाद करण ने किया सुशांत सिंह राजपूत को याद, बोले- कल मेरे बहुत...
विवियन डीसेना के बारे में
विवियन डीसेना एक लोकप्रिय टीवी चेहरा हैं। उन्होंने ‘प्यार की ये एक कहानी’, ‘मधुबाला - एक इश्क एक जुनून’, ‘शक्ति - अस्तित्व के एहसास की’ और ‘सिर्फ तुम’ जैसे शो में काम किया है। विवियन बिग बॉस के घर में सबसे ज्यादा फीस लेने वाले प्रतिभागियों में से एक थे। शो के दौरान उन्हें मजबूती के साथ अपना स्टैंड ना लेने के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। खुद सलमान खान ने भी इसके लिए उन्हें चेतावनी दी थी।