आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर -2' अनुमान के मुताबिक जबरदस्त कमाई कर रही है। इस फिल्म की सफलता का अनुमान लगाते हुए कई मेकर्स ने अपनी रिलीज डेट भी आगे बढ़ा दी थी। मगर फिल्म 'भूत बंगला' के निर्देशक प्रियदर्शन पूरी तरह आश्वस्त हैं। उनका कहना है कि उनकी फिल्म पर 'धुरंधर 2' की सफलता का प्रभाव नहीं पड़ेगा।
'धुरंधर 2' से कोई मुकाबला नहीं
अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' आगामी 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। फिल्म की कमाई को लेकर निर्देशक प्रियदर्शन को कोई संदेह नहीं है। हाल ही में पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में फिल्ममेकर ने कहा कि 'धुरंधर 2' को आक्रामक सीन्स की वजह से बच्चों के साथ नहीं देख सकते, मगर 'भूत बंगला' एक ऐसी फिल्म है जिसे आप बच्चों के साथ भी देख सकते हैं।
प्रियदर्शन
- फोटो : सोशल मीडिया
क्यों बनाते हैं सिर्फ कॉमेडी फिल्में ?
निर्देशक प्रियदर्शन ने अक्षय कुमार के साथ कई फिल्में की हैं। इनमें 'हेरा फेरी', 'गरम मसाला' और 'भूल भुलैया' जैसी हिट शामिल हैं। उन्होनें कहा, 'मैं सोचता हूं कि लोग अलग-अलग कहानियां देखना पसंद करते हैं। ‘भूत बंगला’ पूरी तरह से एक मनोरंजक फिल्म है। जो लोगों को पूरी तरह बांधकर रखेगी।
हमने फिल्म में किसी भी तरह का कोई डबल मीनिंग डायलॉग नहीं रखा। इसे बच्चों के साथ भी देखा जा सकता है। इस बात को मैंने अपने करियर की शुरूआत से ही एक आदर्श बना कर रखा है। मैं इंटेंस ड्रामा वाली फिल्में बनाने से बचता हूं।'
अक्षय के अलावा नजर आएंगे ये कलाकार
‘भूत बंगला’ को लेकर प्रियदर्शन ने बताया कि इस फिल्म में भी कई ऐसे सीन हैं जो बेहद तनावपूर्ण हैं, लेकिन इसमें कई कॉमेडी सीन भी हैं। तो यह एक अच्छा संयोजन है। लोगों को दोनों पसंद आते हैं। ‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार के साथ परेश रावल, तब्बू, वामिका गब्बी, मिथिला पालकर, राजपाल यादव और असरानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।