आपके मार्गदर्शन में बिहार प्रगति पर बढ़ेगा
भाजपा सांसद और भोजपुरी स्टार रवि किशन ने भी सम्राट चौधरी के विधायक दल का नेता चुने जाने पर खुशी जताई है। रवि किशन ने एक्स पर सम्राट चौधरी की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘सम्राट चौधरी को बिहार एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं आपके कुशल नेतृत्व में बिहार, प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के पथ पर आगे बढ़ते हुए ‘विकसित बिहार 2047’ के संकल्प को नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगा।’
आज बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन है
इसके अलावा भाजपा विधायक और लोक गीत गायिका मैथिली ठाकुर ने भी सम्राट चौधरी को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘मैं सम्राट भैया को बधाई देती हूं। मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं एनडीए पार्टी से। आज बिहार के हर व्यक्ति के लिए ऐतिहासिक दिन है।’
वहीं नीतीश कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का पद स्वाभाविक रूप से नीतीश कुमार से जुड़ा हुआ है। बचपन से ही मैंने नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री के रूप में देखा है। उनके विकास मॉडल को कई और राज्यों ने भी अपनाया है। अब सम्राट भैया के नेतृत्व में उसी मॉडल को आगे बढ़ाया जाएगा और बिहार प्रगति पथ पर बढ़ता रहेगा।
अक्षरा ने नीतीश कुमार के लिए किया पोस्ट
एक ओर जहां रवि किशन और मैथिली ठाकुर ने सम्राट चौधरी को बधाई दी। वहीं दूसरी ओर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की इंस्टाग्राम स्टोरी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। अक्षरा ने नीतीश कुमार की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वो गाड़ी में बैठने से पहले सभी को हाथ जोड़कर नमस्कार कर रहे हैं। इस दौरान सम्राट चौधरी भी हाथ जोड़े खड़े हैं। इस तस्वीर के साथ अक्षरा ने बशीर बद्र का एक शेर भी लिखा है-
‘तुम्हारे साथ ये मौसम फरिश्तों जैसा है।
तुम्हारे बाद ये मौसम बहुत सताएगा।’
जाहिर है कि इस शेर के जरिए अक्षरा ने नीतीश के मुख्यमंत्री के दिनों को याद किया है।