प्रिया ब्यूटी पार्लर ट्रेलर
- फोटो : वीडियो ग्रैब
मेकअप तले दबी सच्चाई!
फिल्म की कहानी ये है कि प्रिया (चटर्जी) मेकअप की शौकीन है। ब्यूटी पार्लर खोलना उसका सपना है। मगर, उसकी सास इसके सख्त खिलाफ है। फिल्म की कहानी दो थीम पर है। दूसरा पहलू ये है कि प्रिया की ननद को रिश्ते वाले देखने आते हैं, लेकिन सांवली रंगत के कारण बात बनते-बनते रह जाती है। खूबसूरती की 'कमी' को मोटे दहेज से पूरा किया जाता है। लड़की पसंद आए इसके लिए मेकअप का सहारा लिया जाता है। बात बन जाती है और फिर गांवभर की लड़कियां प्रिया भौजी (रानी चटर्जी) के पास मेकअप कराने आती हैं।
प्रिया ब्यूटी पार्लर ट्रेलर
- फोटो : वीडियो ग्रैब
रुढ़िवादी सोच ने अरमानों पर फेरा पानी
देखते-देखते प्रिया भाभी अपने मेकअप के हुनर से पूरे गांव में फेमस हो जाती हैं। सास से छिपकर वह गांवभर की ननदों और अन्य महिलाओं का मेकअप करती है। हुनर का पता घर में चलता है और ससुर की इजाजत से प्रिया खोल लेती है 'प्रिया ब्यूटी पार्लर'। जगह-जगह से तारीफों भरे मैसेज आते हैं। लेकिन, सासू मां की रुढ़िवादी सोच सब अरमानों पर पानी फेर देती है। सास मेकअप के सामान में गोबर मिलाती है। इसके बाद तारीफ करने वाले लोग पार्लर के बाहर विरोध प्रदर्शन करने लगते हैं। पार्लर बंद हो जाता है।
प्रिया ब्यूटी पार्लर ट्रेलर
- फोटो : वीडियो ग्रैब
एक हादसे ने बदले हालात
इसी बीच एक हादसा होता है। प्रिया के पति का भयंकर एक्सीडेंट हो जाता है। घर में खाने के भी लाले पड़ते हैं और उस पर बहन की शादी की तारीख नजदीक आती है। पूरे तन-मन से मदद करने वाली प्रिया धन से मदद करने के लिए पार्लर खोलने की इच्छा जाहिर करती है। नाजुक हालात में भी सास साफ मना कर देती है। एक हादसा फिर होता है और ननद की शादी टूट जाती है। इतने उतार-चढ़ावों के बीच आखिर प्रिया के ससुर और पति उसके लिए पार्लर खुलवाते हैं।
प्रिया ब्यूटी पार्लर ट्रेलर
- फोटो : वीडियो ग्रैब
दर्शकों की मिली शानदार प्रतिक्रिया
फिल्म के ट्रेलर में ड्रामा है और इमोशंस हैं। समाज की सच्चाई दिखाई है। हंसाता भी है और सोचने पर मजबूर भी करता है। रानी के अलावा फिल्म में आकाश सिंह, जे नीलम, विद्या सिंह, संतोष श्रीवास्तव, दिलीप कुमार रावत, रिंकू भर्ती जैसे सितारे हैं। इसका निर्देशन इश्तियाक शेख बंटी ने किया है। फिल्म के ट्रेलर को जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।