दो शादी...कई अफेयर और विवाद
5 जनवरी, 1986 को बिहार के आरा में जन्मे पवन सिंह को 'ओढ़निया वाली', 'लॉलीपॉप लागेलु' जैसी एल्बम के लिए जाना जाता है। इसके अलावा उन्होंने भोजपुरी सिनेमा की कई शानदार फिल्मों में अपने अभिनय की छाप भी छोड़ी है। पेशेवर जिंदगी में पवन सिंह का कोई मुकाबला नहीं। मगर, पर्सनल लाइफ की बात करें तो एक्टर की लाइफ काफी विवादित रही है। पवन दो शादियां कर चुके हैं। वहीं भोजपुरी की कई टॉप एक्ट्रेस के साथ इनके अफेयर खूब चर्चा में रहे। मगर, सभी ने इन पर कई गंभीर आरोप लगाए। हाल ही में पत्नी ज्योति सिंह ने पवन सिंह के नाम खुला खत लिखा। बता दें कि ज्योति उनकी दूसरी पत्नी हैं।
पहली पत्नी ने किया सुसाइड, दूसरी के साथ बिगड़ा रिश्ता
शादीशुदा जिंदगी की बात करें तो पवन सिंह दो बार शादी कर चुके हैं। उन्होंने पहली शादी नीलम सिंह से की थी, जिन्होंने कथित तौर पर 2015 में सुसाइड कर लिया था। इसके बाद 2018 में एक्टर ने ज्योति सिंह के साथ शादी रचाई। दोनों के बीच अनबन की खबरें अब सार्वजनिक हो चुकी हैं। फिलहाल कोर्ट में मामला चल रहा है। हाल ही में ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा कि वे अभिनेता से कॉन्टेक्ट करने की हर संभव कोशिश कर रही हैं, लेकिन पवन सिंह न तो उनसे मिलते हैं, न ही कॉल और मैसेज का जवाब देते हैं।
अक्षरा सिंह लगा चुकी हैं आरोप
पवन सिंह की जिंदगी में कभी भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह की भी एंट्री हुई थी। दोनों का अफेयर और ब्रेकअप दोनों ही जबरदस्त तरीके से मीडिया की सुर्खियों में रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों लिव इन में भी रहते थे। अक्षरा और पवन रिलेशनशिप में तब आए जब पवन सिंह की पहली पत्नी ने सुसाइड कर लिया था। इसके बाद वो अकेले हो गए थे। हालांकि, इनके रिश्ते का अंत बहुत बुरा हुआ। अक्षरा ने पवन सिंह पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे। उन्होंने कहा था कि 'पवन ने ज्योति सिंह से दूसरी शादी उनसे छिपकर की। उन्हें इस शादी की भनक तक नहीं लगने दी और जब एक्ट्रेस को पता चला तो उन्होंने उनसे अलग होने का फैसला किया। मगर पवन शादीशुदा होने के बाद भी उनके साथ रिश्ते में रहना चाहते थे और जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें और उनके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी देने लगे।' अक्षरा सिंह ने पवन सिंह पर मारपीट करने और गाली-गलौज करने का आरोप भी लगाया था।
रानी चटर्जी-पवन सिंह-मोनालिसा
- फोटो : इंस्टाग्राम
मोनालिसा और रानी चटर्जी से जुड़ा नाम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अक्षरा सिंह के अलावा पवन सिंह का नाम रानी चटर्जी और मोनालिसा से भी जुड़ चुका है। करियर के शुरुआती दिनों में रानी चटर्जी, मोनालिसा और पवन सिंह ने एक साथ भोजपुरी फिल्म 'देवरा बड़ा सतावेला' में काम किया था। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर रही। इसके बाद एक्टर का नाम एक्ट्रेस मोनालिसा के साथ जुड़ा था। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया था। मोनालिसा के अलावा पवन सिंह का नाम एक्ट्रेस रानी चटर्जी से भी जुड़ चुका है। एक बार रानी ने एक इंटरव्यू में बिना किसी का नाम लिए खुलासा किया था कि वो किसी भोजपुरी स्टार के साथ दो महीने तक रिलेशनशिप में रही थीं, लेकिन वो उनका शोषण करता था। मारपीट करता था, इसलिए ब्रेकअप कर लिया। इसके बाद पवन और रानी का ही नाम जोड़ा गया था।