भोजपुरी सिनेमा की चर्चा आज कल होती ही रहती है। बॉलीवुड और साउथ कलाकारों के साथ ही भोजपुरी इंडस्ट्री के सिंगर्स, अभिनेता और अभिनेत्रियां भी किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बनी रहती हैं। लेकिन इस बार जो खबर आ रही है वह थोड़ी चौंकाने वाली है। दरअसल, एक भोजपुरी गायक अभिषेक उर्फ बाबुल बिहारी को एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार करने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
बहला-फुसलाकर किया दुष्कर्म
पुलिस ने आरोपी की पहचान बिहार के रहने वाले अभिषेक के रूप में की है, जिसे भोजपुरी सिंगर बाबुल बिहारी के नाम से भी जाना जाता है। इसकी उम्र सिर्फ 21 साल बताई जा रही है। सिंगर के यूट्यूब चैनल पर 27,000 से अधिक फॉलोअर्स हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दो साल पहले राजीव नगर इलाके में रहने के दौरान 13 साल के बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया था। उससे दोस्ती करने के बाद वह उसे एक होटल के कमरे में ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी तस्वीरें खींच लीं।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें डलने से हुआ खुलासा
घटना के बाद नाबालिग ने आरोपी से दूरी बना ली और उसके बारे में किसी को नहीं बताया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने कुछ दिन पहले नाबालिग की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थीं। उन तस्वीरों को देखने के बाद पीड़िता के परिवार ने लड़की से पूछताछ की, जिसने उन्हें आपबीती सुनाई।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पीड़िता के परिजन बुधवार को उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे। पीड़िता की काउंसलिंग के बाद आरोपी के खिलाफ सेक्टर 14 थाने में बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) एक्ट और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट के तहत एफआईआऱ दर्ज की गई। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकेन ने कहा कि शिकायत के अनुसार एक एफआईआर दर्ज की गई है और आरोपी को घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा, 'सिंगर को शहर की एक अदालत में पेश किया गया और आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।'