अभिनेता और भाजपा नेता जॉय बनर्जी का आज निधन हो गया। उन्होंने सोमवार सुबह 11:35 बजे कोलकाता के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह सांस लेने में तकलीफ से पीड़ित थे। वह एक्टिंग के अलावा राजनीति में भी सक्रिय थे और दो बार भाजपा के टिकट पर सांसदी का चुनाव भी लड़ चुके थे।
काफी वक्त से चल रहे थे बीमार
जानकारी के मुताबिक, अभिनेता काफी वक्त से बीमार चल रहे थे। वो कई वर्षों से डायबिटीज से भी पीड़ित थे। बनर्जी को 15 अगस्त को सांस लेने में गंभीर तकलीफ के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) से पीड़ित थे। उनकी हालत धीरे-धीरे बिगड़ती गई और पिछले कुछ दिनों से उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका।
यह खबर भी पढ़ेंः Dil Madharaasi: एआर मुरुगदास की फिल्म ‘दिल मद्रासी’ का ट्रेलर रिलीज, जबरदस्त एक्शन करते दिखए शिवकार्तिकेयन
दो बार बीजेपी से लड़ा लोकसभा चुनाव
अभिनेता जॉय बनर्जी ने 80 और 90 के दशक के मैटिनी आइडल के रूप में टॉलीवुड को कई हिट फिल्में दीं। इनमें 'हीरक जयंती' (1990), 'मिलन तिथि' (1985), 'नागमती' (1983) और 'चॉपर' (1986) शामिल हैं। एक्टिंग से ब्रेक के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा था और साल 2014 में पहली बार बीजेपी के टिकट पर बीरभूम से लोकसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, इस चुनावी मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने मौजूदा सांसद और टॉलीवुड अभिनेत्री शताब्दी रॉय के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
इसके बाद 2019 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की सांसद सजदा अहमद के खिलाफ फिर भाजपा उम्मीदवार के रूप में उलुबेरिया से लोकसभा चुनाव लड़ा। हालांकि, यहां भी उन्हें हार का ही मुंह देखना पड़ा। इसके बाद नवंबर 2021 में अभिनेता ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि वह अब भाजपा का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे। उन्होंने पार्टी में उपेछा का शिकार होने का आरोप लगाते हुए भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।