रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी की डेब्यू फिल्म ‘आजाद’ ओटीटी पर स्ट्रीम कर रही है। जहां फिल्म को पसंद भी किया जा रहा है। हालांकि, सिनेमाघरों में रिलीज हुई ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पाई थी। अब ओटीटी पर फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स से ‘आजाद’ निर्देशक अभिषेक कपूर खुश हैं। लोगों की मिल रही अच्छी प्रतिक्रिया पर आभार जताते हुए अभिषेक कपूर ने सोशल मीडिया पर एक प्यारा सा नोट लिखा है।
अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म के सेट से जुड़ी एक तस्वीर साझा करते हुए अभिषेक कपूर ने एक लंबा सा नोट लोगों की प्रतिक्रियाओं पर आभार जताते हुए लिखा है। अपने इस नोट में उन्होंने शूटिंग के दिनों, फिल्म के ओटीटी रिलीज के बाद की प्रतिक्रियाओं और बीच की हर चीज को याद किया। आजाद लिखी टीशर्ट पहने फिल्म में आजाद नाम का किरदार निभाने वाले घोड़े के साथ वाली तस्वीर को शेयर करते हुए अभिषेक ने लिखा, “मुझे सेट पर यह दिन याद है। गर्मी, धूल, शॉट के बीच की शांति और उस कहानी का भार, जिसे हम बताने की कोशिश कर रहे थे। आजाद पर बहुत कुछ निर्भर था। न सिर्फ फिल्म बल्कि एक नजरिया, जिसमें हम सभी ने खुद को पूरा झोंक दिया।”
यह खबर भी पढ़ें: Gujju Ben: ‘मास्टरशेफ इंडिया 2023’ की फाइनलिस्ट 'गुज्जू बेन' का निधन, 79 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
इस प्यार का शुक्रिया शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता
ओटीटी पर फिल्म को मिल रही प्रतिक्रियाओं को याद करते हुए और उन पर आभार जताते हुए निर्देशक ने लिखा, “जबसे आजाद नेटफ्लिक्स पर आई है, लोगों की प्रतिक्रियाओं और प्यार का सैलाब उमड़ पड़ा है। उन लोगों के मैसेज जिनसे मैंने सालों से बात नहीं की, उन दोस्तों के फोन जिन्होंने इसे अपने परिवार के साथ देखा, अजनबियों ने भी अपने दिल की बात कही, बताया कि कैसे फिल्म ने उन्हें प्रभावित किया।
यह इतना विनम्र करने वाला और भावनात्मक है कि इसे शब्दों में बयां करना काफी मुश्किल है। यह जानना कि आजाद ने स्क्रीन से परे, शोर से परे, दिलों में, घरों में, बातचीत में इस तरह के लोगों तक अपनी जगह बनाई है। यही वह सब है जिसकी हम उम्मीद कर सकते थे। इसे इतने प्यार से स्वीकार करने के लिए धन्यवाद। सफर जारी है।”
यह खबर भी पढ़ें: Pawan Kalyan: सिंगापुर में हादसे का शिकार हुए पवन कल्याण के बेटे मार्क शंकर, अस्पताल में भर्ती
ये है ‘आजाद’ की कहानी
अजय देवगन, राशा थडानी और अमन देवगन स्टारर यह फिल्म इस साल जनवरी में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी प्रमुख रूप से ‘आजाद’ नाम के एक घोड़े पर आधारित है। फिल्म में अंग्रेजों के शासनकाल और जमींदारों के गांव वालों पर जुल्म करने की कहानी और उनसे बगावत की कहानी को दिखाया गया है।