'प्यार ईगो से बड़ा होना चाहिए, तभी रिश्ता लंबे समय तक चलता है'
आजकल सोशल मीडिया पर रिश्तों को लेकर तरह-तरह की सलाह दी जाती हैं। कई बार छोटी-छोटी बातों को भी रिश्ते की कसौटी बना दिया जाता है। आयुष्मान मानते हैं कि रिश्ता निभाने के लिए सिर्फ प्यार होना काफी नहीं, एक-दूसरे को समझना भी जरूरी है।
वह कहते हैं, 'प्यार में पड़ना आसान है, लेकिन प्यार निभाना बहुत मुश्किल है। हर रिश्ते का अपना सफर होता है। एक-दूसरे को जानना, पहचानना और समझना पड़ता है। रिश्ते को लंबे समय तक निभाने के लिए एक-दूसरे को माफ करना और कुछ बातों को नजरअंदाज करना भी जरूरी है। अगर आपका प्यार आपके ईगो से बड़ा है, तभी रिश्ता लंबे समय तक चलता है।'
वह आगे कहते हैं, 'आप दोनों को एक टीम की तरह रहना होगा। एक ही तरफ होना होगा। अगर आपको पता है कि कोई बात कहने से मामला बिगड़ सकता है, तो सिर्फ अपनी बात या ईगो साबित करने के लिए उसे कहने की जरूरत नहीं है। अगर आप किसी रिश्ते में आगे बढ़ रहे हैं और डेट कर रहे हैं, तो आपको यह समझना होगा।'
'शुरुआत में हमसे गलतियां हुईं, हम दोनों बहुत अलग इंसान हैं'
आयुष्मान और ताहिरा की शादी को कई साल हो चुके हैं। उनसे पूछा गया कि इतने वर्षों में दोनों अपने रिश्ते में कितना बदले हैं और क्या एक-दूसरे को पहले से बेहतर समझने लगे हैं? इस पर वह कहते हैं, 'बेशक, शुरुआत में हमसे गलतियां हुई हैं। हम दोनों बहुत अलग तरह के इंसान हैं। अब जाकर हम एक-दूसरे को समझने लगे हैं। आखिरकार, हमने साथ में लंबा सफर तय किया है। (हंसते हुए)
'बच्चों के साथ पत्नी के घर रहता था, जबकि हम एक ही शहर में थे'
फिल्म की कहानी में आयुष्मान को अपनी जिंदगी की झलक भी दिखाई दी। उनसे पूछा गया कि शूटिंग के दौरान कोई ऐसा हिस्सा था, जिसने उन्हें अपनी शादीशुदा जिंदगी की याद दिलाई? इस पर उन्होंने ताहिरा के साथ बिताए शुरुआती वर्षों का अनुभव साझा किया।
वह कहते हैं, 'दरअसल, फिल्म की कहानी मेरी जिंदगी से काफी मिलती-जुलती है। मां बनने के बाद मेरी पत्नी भी अपने मायके में रही हैं। वह वहां सहज थीं, क्योंकि उन दिनों मैं मुंबई में काम करता था। इंडस्ट्री में मेरे शुरुआती साल थे। मैं भी जब उनसे मिलने जाता था तो उनके घर पर ही रुकता था। हमारे घर आसपास ही थे, लेकिन कई बार ऐसा होता था कि मैं अपने बच्चों के साथ अपनी पत्नी के मायके में ही रहता था, जबकि हम एक ही शहर में थे। इसीलिए फिल्म की कहानी सुनते वक्त ही मैं इससे जुड़ गया था।'
'सलमान भाई ही असली प्रेम हैं, लेकिन मैंने इस किरदार के लिए फिल्म नहीं चुनी'
आयुष्मान से पूछा गया कि प्रेम का किरदार निभाने का उनका पहला रिएक्शन क्या था और क्या उन्हें इसमें कोई चुनौती नजर आई? इस पर वह मुस्कुराते हुए कहते हैं, 'चुनौती तो मुझे नहीं पता, लेकिन मैं खुद इस किरदार का बहुत बड़ा फैन रहा हूं। इतना बड़ा ग्रीन फ्लैग किरदार शायद ही पहले कभी देखा हो। मेरे हिसाब से असल जिंदगी में ऐसे लोग भी बहुत कम होंगे।'
वह आगे कहते हैं, 'मैं हमेशा से मानता आया हूं कि सलमान भाई ही असली प्रेम हैं। हालांकि, मैंने कभी राजश्री की फिल्मों या सूरज सर को इस सोच के साथ अप्रोच नहीं किया कि मुझे प्रेम का किरदार निभाना है। मैं हमेशा ऐसे विषयों की तरफ जाना चाहता हूं, जो मेरे दिल के करीब हों।
इस फिल्म का विषय प्रोग्रेसिव है और यह मेरी फिल्मोग्राफी को एक कदम और आगे ले जाएगा। मैं पहले भी कई प्रोग्रेसिव फिल्में कर चुका हूं। मुझे लगा कि यह एक अच्छा विषय है। इसमें क्लासिक सिनेमा और प्रोग्रेसिव सोच का अच्छा मेल है। यही बात मुझे इस फिल्म की तरफ आकर्षित करती है।'
'हर राज्य और संस्कृति में ऐसी कहानियां हैं, जिन्हें पर्दे पर लाया जा सकता है'
आयुष्मान से पूछा गया कि प्रोग्रेसिव सिनेमा के लिहाज से ऐसा कौन-सा विषय है, जिसे हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ने अब तक नहीं दिखाया और मौका मिलने पर वह करना चाहेंगे? इस पर वह कहते हैं कि किसी एक विषय का नाम लेना मुश्किल है।
वह कहते हैं, 'हमारा देश बहुत विविधता वाला है। हर राज्य और हर संस्कृति में कुछ न कुछ ऐसा है, जिसे एक्सप्लोर किया जा सकता है। मैं किसी एक विषय का नाम नहीं ले सकता। मैंने हर तरह की फिल्में की हैं और मुझे लगता है कि कहानियों की कोई कमी नहीं है।'