बॉलीवुड निर्देशक अयान मुखर्जी ने अपने पिता और दिग्गज अभिनेता देब मुखर्जी की जयंती पर सोशल मीडिया के जरिए भावुक श्रद्धांजलि दी। पहली बार पिता के बिना बीत रही इस जयंती पर अयान ने बचपन की यादों को फिर से जीते हुए कुछ अनदेखी तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर साझा कीं। इन तस्वीरों को देखकर फैंस भी काफी भावुक हो गए।
बचपन की तस्वीर को किया साझा
अयान ने एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की। इस तस्वीर में वो बेहद छोटे हैं। अयान पिता देब मुखर्जी की गोद में बैठे हुए नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों को देखते ही उनके चाहने वालों के साथ-साथ परिवार के सदस्यों की आंखें नम हो गईं। अयान ने एक पुराना कार्ड भी साझा किया, जिसे उन्होंने बचपन में अपने पिता के जन्मदिन पर लिखा था। पोस्ट के कमेंट सेक्शन में उनकी कजिन और अभिनेत्री तनिशा मुखर्जी ने लिखा- 'हैप्पी बर्थडे देबू काका।'
देब मुखर्जी के निधन से दुखी परिवार
देब मुखर्जी का मार्च में 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। वह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक अहम नाम थे और उन्होंने कई फिल्मों में काम किया था। उनके निधन पर जारी आधिकारिक बयान में उन्हें नॉर्थ बॉम्बे दुर्गा पूजा समिति की आत्मा बताया गया था। उनके योगदान का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनका जाना एक युग के खत्म होने जैसा माना गया। उनकी अंतिम यात्रा में अयान, काजोल, रानी मुखर्जी और पूरा मुखर्जी परिवार मौजूद रहा। मुंबई के जुहू स्थित पवन हंस श्मशान गृह में उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
यह खबर भी पढ़ें: 'इससे बेहतर रिटर्न गिफ्ट नहीं', कार्तिक-अनन्या की 'तू मेरा मैं तेरी' के टीजर पर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
प्रेयर मीट में अयान का विनम्र अनुरोध
देब मुखर्जी की प्रेयर मीट के दौरान एक पल ऐसा आया जब अयान पहली बार मीडिया से इतने व्यक्तिगत माहौल में रूबरू हुए थे। उन्होंने फोटोग्राफर्स से निवेदन किया कि यह दिन परिवार के लिए बेहद निजी है और कैमरों का शोर माहौल को प्रभावित कर सकता है।
एक शानदार अभिनेता थे देब
देब मुखर्जी का फिल्मी सफर बेहद विविध रहा। उन्होंने आंसू बन गए फूल, अभिनेत्री, दो आंखें, बातों बातों में, गुडगुडी जैसी फिल्मों में यादगार काम किया। वह काजोल, रानी मुखर्जी और तनिशा के चाचा थे और मुखर्जी परिवार की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षक माने जाते थे।