सामने से मिला हीरो बनने का ऑफर
बॉम्बे टॉकीज में लैबोरेटरी असिस्टेंट का काम करते हुए अचानक एक दिन अशोक कुमार को फिल्म में अभिनय करने का मौका मिला। बॉम्बे टॉकीज के मालिक हिमांशु राय ने फिल्म ‘जीवन नैया’ से एक्टर नज्म-उल-हसन को किसी निजी कारण से हटा दिया। उनकी जगह अशोक कुमार को हीरो बनाने का फैसला लिया। इस फिल्म में अशोक कुमार की हीरोइन देविका रानी (हिमांशु राय की पत्नी) थीं। वैसे फिल्म के डायरेक्टर का मानना था कि अशोक कुमार का चेहरा हीरो वाला नहीं है। लेकिन हिमांशु राय नहीं माने और इस तरह अशोक कुमार फिल्मों में हीरो बन गए। लेकिन हीरो बनना निजी जीवन में उन्हें भारी पड़ गया। दरअसल, परिवार वाले इस बात से खुश नहीं थे, वह फिल्मों में अभिनय करने को सही नहीं मानते थे। इसी वजह से अशोक कुमार की तय हुई शादी भी टूट गई, लड़की वालों से शादी करने से इंकार कर दिया। पिता भी चाहते थे कि अशोक कुमार एक्टिंग छोड़कर नौकरी करें, लेकिन बॉम्बे टॉकीज के मालिक हिमांशु राय ने उन्हें मना लिया।
बने एंटी-हीरो, फिल्म ने की छप्परफाड़ कमाई
करियर की शुरुआत में अशोक कुमार ने पॉजिटिव, हीरो वाले रोल किए। वह स्टारडम की बुलंदियों को छूने लगे। फिर साल 1943 में उन्होंने फिल्म ‘किस्मत’ में एंटी-हीरो का रोल किया। एक हीरो के लिए यह कदम उठाना बड़ी बात थी। फिल्म रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर 1 करोड़ रुपये कमाने वाले पहली हिंदी फिल्म बनी।
स्टारडम ऐसा कि फैंस को हटाने के लिए किया जाता था लाठीचार्ज
अशोक कुमार की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमा रही थीं। दर्शकों के बीच भी उनका गजब का क्रेज बन चुका था। उनका स्टारडम ऐसा था कि जब अशोक कुमार कहीं जाते थे तो हजारों की संख्या में फैंस जमा हो जाते थे। भीड़ इतनी हो जाती थी कि पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ता था। आज शायद ऐसा स्टारडम किसी एक्टर के पास हो।
अशोक कुमार से जुड़ी ये बातें भी जानें
जन्मदिन मनाना बंद कर दिया: अशोक कुमार को अपनी जिंदगी में गहरा सदमा तक लगा, जब उनके जन्मदिन वाले दिन छोटे भाई किशोर कुमार का निधन हो गया। इसके बाद उन्होंने कभी अपना जन्मदिन नहीं मनाया।
न्यूड पेंटिंग बनाते थे: अभिनय के अलावा अशोक कुमार अच्छी पेंटिंग्स भी बनाते थे। खासकर वह न्यूड पेंटिंग बनाते थे। उन्होंने लगभग 300 से अधिक पेंटिंग बनाई थीं। इसमें कुछ पेंटिंग उनकी पत्नी की भी थीं।
अभिनेता ही नहीं सिंगर भी थे अशोक कुमार: अशोक कुमार ने अपने अभिनय से जहां दर्शकों का दिल जीता, वहीं अपनी सिंगिंग से भी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। अशोक कुमार ने हिंदी फिल्मों में कई हिट गाने गाए थे।