Aryan Khan-Sameer Wankhede Controversy: समीर वानखेड़े ने रेड चिलीज और शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान पर केस दर्ज कराया है जिसके बाद आर्यन खान के साथ उनका पुराना विवाद फिर चर्चाओं में आ गया है। आखिर क्या है ये विवाद, चलिए पूरी टाइमलाइन पर नजर डालते हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट में गुरुवार को दाखिल हुई एक याचिका ने आर्यन खान और समीर वानखेड़े के बीच के पुराने विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट, नेटफ्लिक्स और अन्य पक्षों के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि हाल ही में रिलीज हुई आर्यन खान के निर्देशन वाली वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' ने उनकी छवि को गलत और अपमानजनक ढंग से दिखाया है। वानखेड़े का कहना है कि इस सीरीज से उनकी साख को ठेस पहुंची है और लोगों के बीच प्रवर्तन एजेंसियों की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ा है। उन्होंने अदालत से सीरीज की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने और 2 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है।
विज्ञापन
सबसे पहले जानते हैं आखिर कौन हैं समीर वानखेड़े और आर्यन खान से जुड़ा पुराना विवाद है क्या?
समीर वानखेड़े, आईआरएस अधिकारी
- फोटो : ANI
कौन हैं समीर वानखेड़े?
समीर वानखेड़े 2008 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी हैं। वह मुंबई एनसीबी के जोनल निदेशक रह चुके हैं और कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच का हिस्सा रहे हैं। वानखेड़े ने खुद को सख्त और बेबाक अधिकारी के तौर पर पेश किया है। उन्होंने अपने करियर में कई चर्चित मामलों में कार्रवाई की, लेकिन उनकी सबसे ज्यादा चर्चा आर्यन खान केस से हुई। अब बात करते हैं उसी केस के बारे में और पूरी टाइमलाइन आपको बताते हैं।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
दरअसल 2 अक्टूबर 2021 की रात मुंबई से गोवा जाने वाले कॉरडेलिया क्रूज पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बड़ी रेड की। यह ऑपरेशन एनसीबी मुंबई जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के नेतृत्व में चलाया गया। एजेंसी को खुफिया सूचना मिली थी कि इस क्रूज पर होने वाली पार्टी में ड्रग्स का सेवन और अवैध लेन-देन हो सकता है। इस छापेमारी में कई लोगों को हिरासत में लिया गया और उसी दौरान सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान भी जांच एजेंसी के हत्थे चढ़े।
आर्यन खान की गिरफ्तारी और आरोप
3 अक्टूबर 2021 को एनसीबी ने आधिकारिक रूप से आर्यन खान को गिरफ्तार किया। उन पर आरोप लगाया गया कि वो नशे की सप्लाई और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट से जुड़े हुए हैं। हालांकि, एनसीबी के छापे के दौरान उनके पास से ड्रग्स बरामद नहीं हुए थे। इसके बावजूद एजेंसी ने दावा किया कि उनके व्हाट्सऐप चैट्स और कथित संपर्क से ड्रग्स कंजंप्शन और नेटवर्किंग की आशंका बनती है। यही बिंदु बाद में पूरे केस का सबसे विवादित पहलू बन गया।
22 दिन जेल में रहे आर्यन खान
आर्यन खान को मुंबई की आर्थर रोड जेल भेजा गया। यह वह समय था जब देशभर में यह खबर सुर्खियों में छाई रही। बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हर जगह इस केस पर चर्चा हुई। आर्यन के वकील सतीश मानशिंदे ने बार-बार कोर्ट में जमानत की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि न तो आर्यन से ड्रग्स मिले, न ही कोई मेडिकल टेस्ट ऐसा साबित करता है कि उन्होंने ड्रग्स का सेवन किया। इसके बावजूद अदालत ने पहले जमानत से इनकार कर दिया और मामला कई सुनवाईयों तक खिंचता रहा।
आर्यन खान
- फोटो : वीडियो ग्रैब
बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत
आखिरकार, 28 अक्टूबर 2021 को बॉम्बे हाईकोर्ट ने आर्यन खान को जमानत दे दी। अदालत ने माना कि आर्यन के खिलाफ ड्रग्स की खरीद-फरोख्त या सेवन का कोई ठोस सबूत नहीं है। इसके बाद 29 अक्टूबर को उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया।
केस के बाद लंबे समय तक रहा असर
इस गिरफ्तारी ने न सिर्फ आर्यन और शाहरुख खान के परिवार को गहरी चोट पहुंचाई, बल्कि समीर वानखेड़े भी लगातार विवादों में रहे। उन पर राजनीतिक दबाव में काम करने और जानबूझकर हाई-प्रोफाइल टारगेट चुनने जैसे आरोप लगे। बाद में एनसीबी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अपनी रिपोर्ट में माना कि आर्यन खान के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं मिले। यानी जिस केस ने पूरे देश का ध्यान खींचा, उसका आधार कमजोर साबित हुआ।
आर्यन और समीर का पुराना विवाद
जहां एक तरफ साल 2021 में शाहरुख खान और उनका परिवार लगातार मीडिया ट्रायल और कानूनी लड़ाई झेलता रहा। वहीं, वानखेड़े को भी उनके कामकाज को लेकर विवादों का सामना करना पड़ा। अब जब आर्यन खान ने निर्देशक के तौर पर कदम रखा और अपनी पहली वेब सीरीज बनाई, तो उसमें शामिल कुछ सीन वानखेड़े को नागवार गुजरे और मामला फिर से अदालत तक पहुंच गया।
वेब सीरीज पर अब हुआ विवाद
आर्यन खान ने हाल ही में निर्देशक के रूप में द बैड्स ऑफ बॉलीवुड नामक वेब सीरीज बनाई, जो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। इसी शो में एक किरदार दिखाया गया है जो एनसीबी अधिकारी जैसा है और उसके तौर-तरीके समीर वानखेड़े से मिलते-जुलते बताए जा रहे हैं। आरोप है कि इसमें एजेंसी और उसके अफसर की इमेज को गलत ढंग में पेश किया गया है। एक सीन में धार्मिक नारे के बाद अभद्र इशारा करने का सीन भी है, जिसे वानखेड़े ने राष्ट्रीय सम्मान का अपमान बताया है।
क्या है ताजा स्थिति?
समीर वानखेड़े ने अपनी याचिका में दावा किया है कि यह शो न सिर्फ उनकी छवि बल्कि एंटी-ड्रग्स एजेंसी की गरिमा को भी आहत करता है। उन्होंने कोर्ट से अपील की है कि इसे प्लेटफॉर्म से हटाया जाए और भविष्य में भी प्रसारण पर रोक लगाई जाए। साथ ही 2 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग उन्होंने कैंसर रोगियों के इलाज के लिए दान करने का ऐलान किया है। अब अदालत इस पर सुनवाई करेगी और फैसला आने तक मामला चर्चा में रहने वाला है।