तेलुगु सिनेमा के दर्शकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। हॉलीवुड की मशहूर फिल्म ‘द ममी’ में अपने खतरनाक किरदार से दुनिया भर में पहचान बनाने वाले अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू अब भारतीय पर्दे पर धमाकेदार एंट्री करने जा रहे हैं। उन्हें हाल ही में हैदराबाद में विजय देवरकोंडा की पीरियड एक्शन ड्रामा ‘वीडी 14’ के सेट पर देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर ये खबर आग की तरह फैल गई।
ब्रिटिश अफसर के रूप में मुख्य खलनायक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में अर्नोल्ड वोस्लू एक शक्तिशाली ब्रिटिश अफसर की भूमिका निभा रहे हैं- एक ऐसा किरदार जो कहानी के केंद्र में मौजूद संघर्ष को और तीखा बनाने वाला है। 1854 से 1878 के बीच के अशांत दौर पर आधारित यह पीरियड ड्रामा औपनिवेशिक शासन, जनविद्रोह और संघर्ष की पृष्ठभूमि पर बुनी गई कहानी पेश करेगी। वोस्लू की उपस्थिति न सिर्फ फिल्म की भव्यता बढ़ा रही है बल्कि यह तेलुगु सिनेमा में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की नई मिसाल भी मानी जा रही है।
यह खबर भी पढ़ें: मुंबई की सड़कों पर दौड़ते दिखे आमिर खान, परिवार ने साझा किया फनी वीडियो; जानिए क्या है पूरा मामला?
राहुल और विजय देवरकोंडा की फिर बनेगी हिट जोड़ी
इस फिल्म के साथ अभिनेता विजय देवरकोंडा और निर्देशक राहुल संकृत्यायन की जोड़ी 'टैक्सीवाला' के बाद एक बार फिर साथ काम कर रही है। फिल्म का पहला पोस्टर, जो विजय के जन्मदिन पर जारी हुआ था, उनमें एक ध्यानमग्न योद्धा-संत की छवि दिखाता है- एक ऐसा किरदार जो देवरकोंडा की अब तक की शहरी छवि से बिल्कुल अलग है। रायलसीमा की मिट्टी से निकली यह कहानी एक कठोर योद्धा की यात्रा को दर्शाने वाली है।
मिथ्री मूवी मेकर्स का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट
फिल्म का निर्माण कर रहा है दक्षिण भारत की अग्रणी प्रोडक्शन कंपनी मिथ्री मूवी मेकर्स- जो बड़े पैमाने पर फिल्में बनाने के लिए जानी जाती है। सूत्रों के अनुसार, वीडी14 को विशाल सेट, ऐतिहासिक बैकग्राउंड, गहन भावनाओं और दमदार एक्शन सीक्वेंस के साथ बनाया जा रहा है। फिल्म की दुनिया, कहानी की जड़ें और कैरेक्टर्स- सब कुछ इसे एक बड़े कैनवास की फिल्म बना रहे हैं।
रश्मिका मंदाना की एंट्री की चर्चाएं तेज
मनोरंजन गलियारों में चर्चा है कि इस फिल्म में रश्मिका मंदाना को फीमेल लीड के रूप में लेने की संभावना है। अगर ऐसा होता है, तो यह विजय और रश्मिका की सुपरहिट जोड़ी को ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ के बाद फिर साथ लाएगी। हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन प्रशंसक इस जोड़ी को एक बार फिर पर्दे पर देखने को उत्साहित हैं।
अर्नोल्ड वोस्लू की एंट्री क्यों है खास?
तेलुगु फिल्मों में विदेशी अभिनेताओं की मौजूदगी नई नहीं है, लेकिन वॉस्लू जैसे प्रतिष्ठित हॉलीवुड कलाकार का एक बड़े खलनायक के तौर पर शामिल होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
गौरतलब है कि इससे पहले विजय देवरकोंडा की फिल्म ‘लाइगर’ में दिग्गज मुक्केबाज माइक टायसन नजर आए थे। ‘वीडी14’ में वॉस्लू की एंट्री इसे और भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना रही है।