फिल्म 'डैडी' में अर्जुन रामपाल
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
सवाल- आपने ‘आई सी यू’ और ‘डैडी’ जैसी फिल्में प्रोड्यूस की हैं। अगली फिल्म कब प्रोड्यूस करेंगे?
जवाब- ‘डैडी’ मेरे लिए बेहद खास फिल्म थी लेकिन शायद मैं उसे लोगों तक सही तरीके से पहुंचा नहीं पाया। उस कहानी से मैं जो दिखाना चाहता था वो दिखा नहीं पाय। ऐसे में अब मैं सोचता हूं जब भी कुछ प्रोड्यूस करूं तो ऐसा करूं जिससे ऑडियंस सीधा जुड़ सके। जब तक मुझे वैसी स्क्रिप्ट नहीं मिलती, मैं इंतजार करूंगा।
सवाल– कोई ऐसा जोनर है जो बतौर प्रोड्यूसर आकर्षित करता हो?
जवाब – मेरी मां इतिहास पढ़ाती थीं तो मैंने बचपन से ही बहुत सी कहानियां सुनी हैं। इतिहास से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। मैं कुछ ऐसा बनाना चाहता हूं जो समाज को संदेश दे। साथ ही, इंडियन माइथोलॉजी (पौराणिक कथाएं) भी मुझे बेहद आकर्षित करती है। ये बहुत गहराई और ज्ञान से भरा सब्जेक्ट है। समय से कहीं आगे की सोच दिखाती है। अगर मौका मिला तो कोई साइंस फिक्शन या डिस्टोपियन वर्ल्ड वाली कहानी भी करना चाहूंगा।
सवाल – कोई ऐसा पौराणिक किरदार जो निभाने की इच्छा रखते हों?
जवाब – मैं भगवान शिव का किरदार निभाना चाहूंगा। उनके व्यक्तित्व में गहराई है, एक रहस्य है। उस रोल को करने के लिए पूरी तरह से उसमें उतरना पड़ेगा और यही मुझे पसंद है। मैं इसे बेहद सादगी और ईमानदारी से दर्शकों के सामने पेश करना चाहूंगा।
सवाल– लंबे वक्त से आप किसी लीड रोल में नहीं दिखे। क्या ये आपकी पसंद होती है या संयोग?
जवाब – मैं वैसे रोल चुनता हूं जो मुझे अच्छे लगते हैं। अगर फिल्म की कहानी अच्छी हो और मेरा किरदार दमदार हो तो मुझे फर्क नहीं पड़ता कि उसमें और कितने स्टार्स हैं। मल्टी-स्टारर फिल्मों में काम करने से अच्छा अनुभव मिलता है, अच्छे कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिलता है। सब मिलकर जब एक अच्छी टीम बनाते हैं, तो फिल्म का असर और भी मजबूत होता है। मेरे लिए सबसे जरूरी यही है कि फिल्म अच्छी हो और मेरा किरदार उसमें कुछ खास कर सके।
सवाल– इतने साल इंडस्ट्री में बिताने के बाद आपको कौन सा बड़ा बदलाव नजर आया है?
जवाब – आज लोग ज्यादा खुले विचारों वाले हो गए हैं। रिस्क लेते हैं और ये बहुत अच्छा भी है। टेक्नीकली हम बहुत आगे बढ़े हैं। हमारे टेक्नीशियन अब बहुत बेहतर हैं लेकिन अभी भी एक चीज है जिस पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। वो है, अच्छी कहानी और अच्छी स्क्रिप्ट। मुझे हाल फिलहाल में सीरीज 'राणा नायडू', 'पंजाब 95' और 'द रेपिस्ट' जैसी फिल्मों की स्क्रिप्ट खास लगीं। मैं खुद इन दिनों सबसे पहले स्क्रिप्ट देखता हूं।
सवाल – आपकी फिल्म 'द बैटल ऑफ भीमा कोरेगांव' का क्या हुआ?
जवाब – यह साल 2021 में रिलीज होने वाली थी पर हमारे को-प्रोड्यूसर को कुछ निजी समस्याएं आ गईं। हमने करीब 60-70 प्रतिशत शूट कर लिया था लेकिन फिर शूट रुक गया। उम्मीद है कभी सब कुछ सही होगा तो उसे पूरा करेंगे।
सवाल – आपकी अगली फिल्म ‘धुरंधर’ है। इसमें रणवीर सिंह के साथ पहली बार काम कर रहे है। कैसा अनुभव रहा?
जवाब – बड़ी ही मजेदार अनुभव रहा। टीम बहुत शानदार है। रणवीर जबरदस्त फॉर्म में है, अक्षय, संजय, माधवन सब कमाल कर रहे हैं। मैं भी अपनी तरफ से बेस्ट देने की कोशिश कर रहा हूं। डायरेक्टर आदित्य धर हर दिन कुछ नया लाते हैं, जो सेट पर हम सबको बहुत प्रेरित करता है।
सवाल– अपने अब तक के करियर से कितना संतुष्ट हैं ?
जवाब– न मुझे कोई शिकायत है और न ही कोई अपेक्षा। मैं ये नहीं सोचता कि किसी को मेरे लिए कुछ करना चाहिए। जब आप ऐसा सोचते हैं तो निगेटिव हो जाते हैं। मैंने हमेशा जो काम किया वो ईमानदारी से किया और जो भी मुझे मिला मैं उसके लिए आभारी हूं।