टीवी और फिल्मी दुनिया की जानी-मानी हस्ती अर्चना पूरन सिंह को हाल ही में भावुक होते देखा गया। हमेशा हंसते हुए दिखने वालीं अर्चना खुद के आंसुओं को रोक नहीं सकीं। वजह थी उनका बेटा आर्यमान सेठ, जिसने अपनी गर्लफ्रेंड योगिता बिहानी को शादी के लिए खास अंदाज में प्रपोज कर दिया। इस पूरे खूबसूरत पल को आर्यमान ने अपने व्लॉग में शूट किया, जो अब इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है।
रिश्ते को दिया नाम, भावुक हुआ पूरा परिवार
आर्यमन और योगिता लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे, लेकिन अब उन्होंने अपने रिश्ते को एक नया नाम दे दिया है। एक नए घर में शिफ्ट होने के खास मौके पर, आर्यमान ने घुटनों के बल बैठकर योगिता को प्रपोज किया। उनके हाथ में एक तरफ चाबी और एक तरफ फूल नजर आया। आर्यमान का ये प्रपोजल देख उनका परिवार भी भावुक हो गया।
ये खबर भी पढ़ें:
Coolie Box Office Collection Day 1: रजनीकांत ने तोड़ा अपनी फिल्मों का रिकॉर्ड, पहले ही दिन 'कुली' 50 करोड़ पार
आर्यमान ने पूछा, 'क्या तुम मुझसे शादी करोगी, योगिता?'। इसके बाद योगिता की आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने 'हां' कहकर गले लगा लिया। ये पल न सिर्फ कपल के लिए खास था, बल्कि उनके परिवार के लिए भी यादगार बन गया।
नए घर में नया सफर
दोनों ने अपने रिश्ते के इस नए सफर की शुरुआत मड आइलैंड के एक सुंदर नए घर से की है, जो कि अर्चना और परमीत सेठी के घर के बिल्कुल बगल में है। दोनों घरों के बगीचे आपस में जुड़े हुए हैं, जिससे ये साफ है कि भले ही आर्यमान और उनकी गर्लफ्रेंड अलग घर में शिफ्ट हो रहे हैं लेकिन माता-पिता उनके बगल वाले घर में ही होंगे। योगिता ने बताया कि वह इस नए अध्याय को लेकर बेहद उत्साहित हैं और इस घर को अपना मानती हैं।
अर्चना पूरन सिंह की आंखें भर आईं
अपने बेटे को घुटनों के बल प्रपोज करते देख, अर्चना पूरन सिंह अपने जज्बातों को रोक नहीं सकीं। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि उनका बेटा अब इतना बड़ा हो गया है कि सगाई कर रहा है। उन्होंने आर्यमान को गले लगाया और भावुक होते हुए योगिता से कहा, 'मुझे बहुत खुशी है कि तुम हमारी जिंदगी का हिस्सा बनने जा रही हो।'
व्लॉग के जरिए दर्शकों से साझा की खुशी
आर्यमान ने अपने यूट्यूब व्लॉग के जरिए इस पूरे पल को दर्शकों के साथ साझा किया है। नए घर की खूबसूरत झलकियों से लेकर प्रपोजल के उस खास पल तक। वहीं दर्शकों ने भी इन भावुक पलों को सराहा और सोशल मीडिया पर इस जोड़ी को बधाईयां दीं।