फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्यों विवादों में हैं एआर रहमान?: कंगना बोलीं- आप नफरत में अंधे हो गए; जावेद अख्तर बोले-ऐसा कुछ महसूस नहीं हुआ

Sat, 17 Jan 2026 02:28 PM IST
आकाश खरे एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

AR Rahman Controversy: फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर संगीतकार ए आर रहमान एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में संगीतकार ने कहा कि धीरे-धीरे वो संप्रदायिक भावना को फिल्मी दुनिया पर हावी होता हुआ महसूस कर रहे हैं। उनके इस बयान पर अब अन्य सेलेब्स के रिएक्शन सामने आ रहे हैं।
विज्ञापन
एआर रहमान के बयान पर मचा विवाद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मशहूर संगीतकार एआर रहमान ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया। इस इंटरव्यू में रहमान ने म्यूजिक इंडस्ट्री में फैली सांप्रदायिकता, बीते आठ साल में मिले कम काम और फिल्म 'छावा' पर भी बात की। रहमान ने इस इंटरव्यू में कई विवादित बयान दिए जिनपर अब बॉलीवुड सेलेब्स और राजनेताओं समेत कई धर्मगुरू भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। जानिए क्या है पूरा मामला...

विज्ञापन


पहले जानिए रहमान ने क्या कुछ कहा ?

1. कुछ लोग पीठ पीछे कानाफूसी करते हैं
रहमान ने बीबीसी एशियन को दिए इस इंटरव्यू में कम काम करने का कारण बताते हुए कहा- ‘बीते आठ साल से मैं यह महसूस कर रहा हूं कि इंडस्ट्री में टैलेंट के दम पर काम नहीं मिलता। म्यूजिक इंडस्ट्री की कमान ऐसे हाथों में है जो न तो क्रिएटिव हैं और ना ही क्रिएटिविटी को समझते हैं। धर्म भी कम काम करने का एक कारण है। आपके सामने तो लोग कुछ नहीं बोलते पर पीठ पीछे कानाफूसी करते हैं।’

2. इंडस्ट्री में फैली सांप्रदायिक भावना
आगे संगीतकार ने इसी इंटरव्यू में यह भी कहा कि धीरे-धीरे वो सांप्रदायिक भावना को फिल्मी और संगीत की दुनिया पर हावी होता हुआ महसूस कर रहे हैं। इसका असर उन्हें अपने काम पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। 

विज्ञापन


3. 'छावा' एक बांटने वाली फिल्म है
वहीं फिल्म 'छावा' के बारे में रहमान ने कहा, ‘छावा एक बांटने वाली फिल्म है। मुझे लगता है कि इसने लोगों के बीच के बंटवारे का फायदा उठाया। लेकिन मुझे यह भी लगता है कि इसका मकसद बहादुरी दिखाना था।'

ये खबर भी पढ़ें: ‘छावा’ को लेकर संगीतकार ए आर रहमान ने दिया बड़ा बयान, बोले- ‘यह एक बांटने वाली फिल्म लेकिन…
 

अब जानिए इस बयान पर मिले कैसे रिएक्शन?

आप जैसा नफरत फैलाने वाला इंसान नहीं देखा: कंगना 
अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने रहमान विवाद पर एक इंस्टा स्टोरी साझा करते हुए रिएक्शन दिया है। उन्होंने लिखा,
‘प्रिय रहमान जी, मुझे फिल्म इंडस्ट्री में एक भगवा पार्टी को सपोर्ट करने की वजह से बहुत ज्यादा भेदभाव और पक्षपात का सामना करना पड़ता है, फिर भी मुझे कहना होगा कि मैंने आपके जैसा पूर्वाग्रही और नफरत करने वाला इंसान नहीं देखा।
मैं आपको अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म ‘इमरजेंसी’ की कहानी सुनाना चाहती थी। कहानी सुनाना तो दूर, आपने मुझसे मिलने से भी इंकार कर दिया था। मुझे बताया गया कि आप किसी प्रोपेगेंडा फिल्म का हिस्सा नहीं बनना चाहते।
विडंबना यह है कि ‘इमरजेंसी’ को सभी क्रिटिक्स ने एक मास्टरपीस कहा, यहां तक कि विपक्षी पार्टी के नेताओं ने भी मेरी फिल्म की तारीफ करते हुए फैन लेटर भेजे, लेकिन आप अपनी नफरत में अंधे हो चुके हैं। मुझे आपके लिए दुख होता है।’ 




मुंबई में ऐसा महसूस नहीं किया: जावेद अख्तर
 
लेखक जावेद अख्तर ने इस मामले पर रिएक्शन देते हुए कहा, ‘मैंने कभी ऐसा कुछ महसूस नहीं किया। मैं यहां मुंबई में कई लोगों से मिलता हूं जिनके मन में रहमान के लिए खूब इज्जत है। रहमान बड़े आदमी हैं। छोटे-छोटे प्रोड्यूसर्स तो उनसे संपर्क करने में घबराते हैं पर मुझे नहीं लगता कि इस मामले में कहीं कोई सांप्रदायिक एंगल है। आप उनसे मिलिए, वो भी आपसे जरूर मिलेंगे।’

इंडस्ट्री में ऐसा कुछ भी नहीं: शान 
वहीं गायक शान ने इस मामले पर बात करते हुए कहा, 'म्यूजिक इंडस्ट्री में कतई साम्प्रदायिकता नहीं है। संगीतकार का चुनाव सिर्फ म्यूजिक की डिमांड पर होता है, न कि धर्म के आधार पर। अगर ऐसी ही बात है तो बीते 30 साल जो इंडस्ट्री के सुपरस्टार्स हैं, वो भी अल्पसंख्यक हैं क्या वो आगे नहीं बढ़ पाए ? ये सब बकवास बातें हैं। अच्छा काम करिए, अच्छा संगीत बनाइये और ये सब सोचना बंद करिए।'

 

टैलेंट महत्व रखता है, धर्म नहीं: शोभा डे 
वहीं ANI से बातचीत में मशहूर लेखिका शोभा डे ने भी मामले पर बयान दिया। शोभा ने भी हिंदी म्यूजिक इंडस्ट्री में इस तरह के बर्ताव से इंकार किया। उन्होंने कहा, ‘यह बहुत ही खतरनाक बयान है। मैं 50 साल से बॉलीवुड का हिस्सा रहीं हूं मगर आज तक ऐसा कुछ महसूस नहीं हुआ। ये बॉलीवुड है, अगर आपके अंदर प्रतिभा है तो आपका धर्म महत्व नहीं रखता।’ वहीं रहमान के बारे में शोभा ने कहा, ‘वो एक सफल और परिपक्व इंसान हैं। मुझे नहीं पता कि उन्होंने ऐसा क्यों कहा?’

विज्ञापन


भविष्य क्या होगा सब जानते हैं: हरिहरन 
मामले पर गायक हरिहरन का बयान भी सामने आया है। हरिहरन ने कहा, 'ये बड़ा ही पेचीदा मामला है। मैं सोचता हूं कि काश इस इंडस्ट्री में और ऐसे लोग होते जिन्हें सही मायने में म्यूजिक की समझ होती और वो इसे पैसों के लिए करने के पहले अच्छे संगीत को प्राथमिकता देते। अगर इसे कलात्मक नजरिये से न देखकर सिर्फ पैसे कमाने का जरिया समझा जाएगा तो भविष्य क्या होगा? ये सब जानते हैं।'

रहमान ने कहा तो सोचने वाली बात है: वारिस पठान
वहीं इस मामले पर एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा, 'एआर रहमान साहब बहुत ही बड़े कलाकार हैं और अगर उन्होंने ये बात कही है तो यह साेचने वाली बाती है। मुझे नहीं पता कि उन्होंने अपने इंटरव्यू में क्या कहा ? पर एक बात ताे है कि कुछ लोग हैं जो नफरत फैला रहे हैं।'
 


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें