साल 2008 में आमिर खान के साथ ‘गजनी’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले निर्देशक एआर मुरुगदास ने जब सलमान खान के साथ ‘सिकंदर’ की घोषणा की तो लोगों ने उम्मीद जताई कि एक और ब्लॉकबस्टर आने वाली है। हालांकि, ‘सिकंदर’ गजनी जैसा करिश्मा दिखाने में सफल नहीं हो सकी और बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई। अब सिकंदर की रिलीज के लगभग चार महीने बाद निर्देशक एआर मुरुगदास ने फिल्म के फ्लॉप होने पर बात की और चौंकाने वाला बयान दिया है।
अपनी आगामी फिल्म ‘मदरासी’ के प्रमोशन के दौरान मुरुगदास ने सलमान खान की फिल्म के फेल पर बात करते हुए हिंदी न समझ पाने को इसका कारण बताया। उन्होंने कहा कि जब हम अपनी मातृभाषा में फिल्में बनाते हैं, तो इससे हमें ताकत मिलती है। हम जानते हैं कि यहां क्या हो रहा है। आजकल एक ट्रेंड चल रहा है और दर्शक अचानक उस ट्रेंड से जुड़ जाते हैं। जब हम भाषा बदलते हैं, तो हमें नहीं पता होता कि युवा उस भाषा में क्या पसंद कर रहे हैं। हमें बस एक स्क्रिप्ट की जरूरत होती है जिससे हम उस पर यकीन कर सकें। एक बार के लिए मैं तेलुगु फिल्में तो ले सकता हूं, लेकिन हिंदी हमारे लिए शायद कारगर न हो क्योंकि स्क्रिप्ट लिखने के बाद हम उसका अंग्रेजी में अनुवाद करते हैं। फिर उसका हिंदी में अनुवाद होता है।
हैरानी वाला है मुरुगदास का बयान
निर्देशक ने आगे कहा कि हम सिर्फ अंदाजा लगा सकते हैं कि वे क्या कह रहे हैं, लेकिन हमें ठीक से पता नहीं होता कि हो क्या रहा है। जब आप किसी अनजान भाषा और जगह पर फिल्म बनाते हैं, तो ऐसा लगता है जैसे आप अपाहिज हैं। मानो आपके हाथ ही न हों। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी ताकत इस बात पर निर्भर करती है कि हम कहां और किस संस्कृति से आते हैं।
यह बयान कई लोगों के लिए चौंकाने वाला था क्योंकि ‘सिकंदर’ तमिल फिल्म निर्माता द्वारा निर्देशित एकमात्र हिंदी फिल्म नहीं है। वह अक्षय कुमार की 2014 की फिल्म ‘हॉलिडे: अ सोल्जर इज नेवर ऑफ ड्यूटी’ के भी निर्माता हैं, जिसे ‘गजनी’ की तरह लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। ‘हॉलिडे’ ने 50 करोड़ रुपये के बजट में 180 करोड़ रुपये भी कमाए थे।
यह खबर भी पढ़ेंः Indira Krishnan: ‘मैं टैलेंट बेचने आई हूं, अपने आप को नहीं’, इंदिरा कृष्णन ने बताया कास्टिंग काउच का किस्सा
लोगों ने मुरुगदास को किया ट्रोल
मुरुगदास के इस बयान पर लोगों ने उनसे सवाल पूछे। सोशल साइट एक्स पर एक यूजर ने कमेंट किया, "तो फिर आप भुगतान के लालच में आकर हिंदी फिल्में क्यों निर्देशित करते हैं?" एक अन्य यूजर ने लिखा, "किसने उन्हें यह अटपटा काम करने के लिए मजबूर किया?" अन्य कमेंट्स में लिखा था, "तो हॉलिडे और गजनी ब्लॉकबस्टर कैसे बन गईं? अगर कहानी में दम नहीं होगा, तो आउटपुट जीरो ही आएगा। ऐसे बहाने बनाने की कोई जरूरत नहीं है।"