इन दिनों अवैध सट्टेबाजी एप को लेकर ईडी सख्त है और लगातार इसमें शामिल लोगों को तलब कर रही है। इसमें अभिनेत्री उर्वशी रौतेला और अभिनेता सोनू सूद से लेकर क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा तक के नाम सामने आ चुके हैं। अब इसी क्रम में अभिनेत्री और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अन्वेषी जैन भी ई़डी के मुख्यालय पहुंची हैं। सट्टेबाजी एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में से एक की जांच में शामिल होने के लिए अन्वेषी ईडी के ऑफिस पहुंची है। उन्हें इस मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
इस एप से जुड़ा है मामला
अन्वेषी को 1xBet सट्टेबाजी एप से जुड़े मामले में ई़डी ने बुलाया है। कई लोगों और इन्वेस्टर के करोड़ों रुपये की ठगी करने और टैक्स चोरी करने के आरोपों के चलते ऐसे कई अवैध एप्स पर ईडी की व्यापक कार्रवाई हो रही है। साल 2023 में सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने 1xBet समेत 174 अवैध सट्टेबाजी एप्स पर बैन लगाया था।
‘गंदी बात’ से मिली पहचान
अन्वेषी जैन की बात करें तो वो पेशे से सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर, सिंगर और एक्ट्रेस हैं। अन्वेषी को फेम साल 2019 में एकता कपूर की सीरीज ‘गंदी बात’ से मिला। वह मध्य प्रदेश के जैन परिवार से आती हैं। उन्होंने एमबीए की पढ़ाई छोड़कर मुंबई का रास्ता अपनाया था। वह गंदी बात के अलावा मार्टिन, ड्रैगन, गुडिया की शादी, बॉस से लेकर हू इस यॉर डैडी जैसे शोज में काम कर चुकी हैं।