'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न
इस वर्ष राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' को 150 वर्ष पूरे होने का मौका है और इसका जश्न गणतंत्र दिवस के अवसर पर भी मनाया जाएगा। इसी के लिए ऑस्कर विजेता संगीताकर एम एम कीरावानी ने राष्ट्रगीत की खास धुन तैयार की है, जिसे पूरा देश गणतंत्र दिवस पर सुन सकेगा। इस वर्ष कर्तव्यपथ पर लगभग 2,500 सांस्कृतिक कलाकार प्रस्तुति देंगे। इस प्रस्तुति का विषय 'स्वतंत्रता का मंत्र- वंदे मातरम' और 'समृद्धि का मंत्र- आत्मनिर्भर भारत' है।
ये फिल्मी हस्तियां करेंगी परफॉर्म
इस साल परफॉर्म करने वालों में कंपोजर एमएम कीरावानी, गीतकार सुभाष सहगल, अभिनेता अनुपम खेर और कोरियोग्राफर संतोष नायर शामिल हैं। कीरावानी से लेकर अनुपम खेर तक, सभी हस्तियां डॉ. संध्या पुरेचा की गाइडेंस और डायरेक्शन में यह परफॉर्मेंस देंगी। वहीं, क्रिएटिव डिजाइन और कॉस्ट्यूम का काम संध्या रमन द्वारा किया जाएगा।
एमएम कीरावानी ने साझा की खुशी
खुद एमएम कीरावनी भी अपने एक्स अकाउंट से इसकी पुष्टि कर चुके हैं। उन्होंने पोस्ट शयेर कर लिखा, 'प्रिय साथियों, 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ के शुभ अवसर पर संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड के लिए संगीत रचना करने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ है। यह भव्य प्रस्तुति देशभर से आए 2500 कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाएगी। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए जुड़े रहिए। आइए, वंदे मातरम का उत्सव मनाएं। बता दें कि कीरावानी को ब्लॉकबस्टर फिल्म 'आरआरआर' के 'नाटू नाटू' गाने के लिए साल 2023 में बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में ऑस्कर अवॉर्ड मिल चुका है।