क्या है 'व्हेन बिट्टू मीट्स अनुपम'?
अनुपम खेर ने कोविड लॉकडाउन के समय में सोशल मीडिया पर 'व्हेन बिट्टू मीट्स अनुपम' नाम से एक मजेदार कॉमेडी वीडियो सीरीज बनाई थी। आज उसी का एक वीडियो शेयर किया है। इसके जरिए उन्होंने लोगों को मोटिवेट किया है। बता दें कि इस सीरीज में दो किरदार हैं और दोनों अनुपम खेर ने ही अदा किए। अभिनेता ने लोगों को जिंदगी के प्रति नजरिया बदलने का मैसेज दिया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से यह वीडियो साझा किया है।
अनुपम खेर ने क्या कहा है?
पोस्ट में अनुपम खेर ने लिखा है, 'मैं हमेशा से ही बहुत आशावादी रहा हूं, लेकिन मैंने भी कभी नहीं सोचा था कि एक दिन पूरी दुनिया अचानक थम जाएगी। बस छह साल पहले, कोविड आया था। मुझे आज भी याद है जब मैं न्यूयॉर्क से मुंबई लौटा था। जिस शहर को मैंने हमेशा भीड़-भाड़ वाला, शोर-शराबे वाला, हलचल से भरा देखा था, वह सुनसान था। मैंने मुंबई को कभी ऐसा नहीं देखा था। यह डरावना था। मुझे यकीन है कि हममें से हर किसी के पास उन दिनों की कोई न कोई ऐसी याद है जिसे हम कभी नहीं भूलेंगे।
क्यों बनाई थी यह वीडियो सीरीज?
अभिनेता ने आगे बताया कि उन्होंने यह वीडियो सीरीज क्यों बनाई? वे कहते हैं-
- उस दौरान शायद दुनिया और जिंदगी के बारे में बेहतर महसूस करने के लिए मैंने ये छोटे-छोटे वीडियो बनाने शुरू किए।
- बिट्टू, जो बचपन में मेरा निकनेम था, वह मेरा छोटा रूप था जो आज के अनुपम से मिलता था।
- वे बातें करते, बहस करते, हंसते और किसी तरह एक-दूसरे को भरोसा दिलाते कि यह समय भी गुजर जाएगा। सच में, यह गुजर गया।
- आज मैं उन वीडियो को इसलिए दोबारा देख रहा हूं, ताकि हम उस डर को याद न करें।
- हम यह जरूर याद रखें कि उस मुश्किल दौर से कैसे उबर पाए?
बोले- 'जिंदगी बिना चेतावनी के बदल सकती है'
अभिनेता ने आगे कहा है, 'कभी-कभी मुश्किल समय को याद करने से हमारी आज की परेशानियां थोड़ी छोटी लगने लगती हैं। शायद इससे हमें कम गुस्सा, कम कड़वाहट और कम नफरत रखने में मदद मिल सकती है। हम दया, हंसी-मजाक और शुक्रगुजारी के लिए थोड़ी और जगह बना सकते हैं, क्योंकि अगर उन दिनों ने हमें कुछ सिखाया, तो वह यही था कि 'जिंदगी बिना किसी चेतावनी के बदल सकती है, इसलिए जब तक यह है, आइए इसे थोड़ा और प्यार और सुकून से जिएं'।