महिलाओं की भागीदारी को समाज और राजनीति में मजबूत करने की बहस लंबे समय से जारी है। संसद से लेकर सामाजिक मंचों तक महिला सशक्तिकरण को लेकर अलग-अलग विचार सामने आते रहे हैं। इसी बीच महिला आरक्षण बिल को लेकर अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने बिल का समर्थन करते हुए कहा कि वह इसे लेकर बेहद खुश हैं और महिलाओं की भूमिका सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि घरों में भी उनकी ताकत और जिम्मेदारी बेहद अहम है।
अनुपम खेर
- फोटो : इंस्टाग्राम
क्या बोले अनुपम खेर?
एएनआई ने अभिनेता का एक वीडियो जारी किया है, जिसके अनुसार एक्टर ने कहा, 'आज तो मंदिर में आया हूं। आज इस तरह की बात पर टिप्पणी करना ठीक नहीं है। मंदिर के दरबार में सिर्फ श्रद्धा-भाव से आया हूं। मैं ऐसी कोई बात नहीं करना चाहता, जो मैंने सोची न हो। क्योंकि आज श्रद्धा की बात होगी, आज शांति की बात होगी। जिनको समाधान चाहिए उसकी बात भी होगी, लेकिन आज इस तरह की कोई बात नहीं करना चाहता।'
अनुपम खेर, ये प्रेम मोल लिया
- फोटो : सोशल मीडिया
महिला आरक्षण बिल पर क्या बोले अभिनेता?
इसके बाद अनुपम खेर से मीडिया ने महिला आरक्षण बिल को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में एक्टर ने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं। हमारे घर में तो महिला हैं... 33 फीसदी नहीं, बल्कि 80 फीसदी उन्हें शक्ति प्रदान होती है। कब से... मां सब कुछ करती हैं, पत्नी सब कुछ करती है और मेरा मानना है कि इस बिल को पास होना चाहिए, यह बेहद जरूरी है।'
आखिर में अभिनेता ने अपनी बात खत्म करते हुए मदुरै में हुए दीप प्रज्वलन को लेकर खुशी जाहिर की। अनुपम खेर ने कहा, 'और जो हमारे दीप प्रज्वलन की जीत हुई है, सनातन की जो जीत हुई है उसके लिए भी मैं सभी को शुभकामनाएं देना चाहता हूं।'
इन फिल्मों में नजर आए अनुपम खेर
बता दें कि हाल ही में अभिनेता की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' रिलीज हुई है, जिसमें उन्होंने आयुष्मान खुराना के दादाजी का रोल प्ले किया है। इससे पहले एक्टर ने फिल्म 'रामायण' में जटायु के किरदार को आवाज दी थी।