शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म 'किंग' रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है। कभी फिल्म की स्टारकास्ट तो कभी इसकी रिलीज डेट सुर्खियां बटोर रही है और अब एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, फिल्म के म्यूजिक को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है।
खबर है कि म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर ने अपने बिजी शेड्यूल के चलते फिल्म से दूरी बना ली है। हालांकि, वह फिल्म को पूरी तरह अलविदा नहीं कह रहे हैं। अनिरुद्ध ने शाहरुख खान के लिए एक खास थीम ट्रैक तैयार किया है। वहीं, अब फिल्म के गानों और बैकग्राउंड स्कोर की जिम्मेदारी सचिन-जिगर संभालेंगे।
अनिरुद्ध रविचंदर
- फोटो : सोशल मीडिया
क्यों अनिरुद्ध ने लिया ये फैसला?
रिपोर्ट के मुताबिक, अनिरुद्ध और फिल्म के मेकर्स ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। दरअसल, अनिरुद्ध साउथ के कई प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं, जिसके चलते उनके लिए 'किंग' जैसी बड़े बजट की फिल्म को पर्याप्त समय देना मुश्किल हो रहा था।
वहीं, शाहरुख खान और फिल्म के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद चाहते हैं कि फिल्म तय समय पर यानी इसी क्रिसमस पर सिनेमाघरों में रिलीज हो। ऐसे में मेकर्स ने म्यूजिक टीम में बदलाव करने का फैसला किया।
इसके अलावा अनिरुद्ध की निजी जिंदगी में भी इन दिनों काफी कुछ खास होने वाला है। वह नवंबर में सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन से शादी करने जा रहे हैं।
अनिरुद्ध रविचंदर
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म में बना रहेगा अनिरुद्ध का टच
अनिरुद्ध के फिल्म से अलग होने के बावजूद उनका म्यूजिक 'किंग' का हिस्सा रहेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, अनिरुद्ध ने शाहरुख खान के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए उन्हें 'किंग' का थीम ट्रैक दिया है। सचिन-जिगर भी इसी ट्रैक को फिल्म के पूरे बैकग्राउंड स्कोर के लिए नए अंदाज में तैयार करेंगे। इस तरह फिल्म में अनिरुद्ध का टच बना रहेगा, लेकिन पूरा म्यूजिक एल्बम और स्कोर सचिन-जिगर तैयार करेंगे।
किंग का गाना- तू मिल जाए
- फोटो : इंस्टाग्राम @tseries.official
'तू मिल जाए' गाने को मिल रहा मिला-जुला रिस्पॉन्स
गौरतलब है कि 2 नवंबर को अपने जन्मदिन के मौके पर शाहरुख खान ने आधी रात को फिल्म का पहला गाना 'तू मिल जाए' रिलीज किया। इस रोमांटिक गाने में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण नजर आ रही हैं।
गाने को दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। जहां अरिजीत सिंह की आवाज, गाने की धुन और शाहरुख-दीपिका की केमिस्ट्री को पसंद किया जा रहा है, वहीं कुछ लोगों को इसका म्यूजिक और अंदाज काफी जाना-पहचाना लग रहा है।
गाने के विजुअल्स, एडिटिंग और दोनों कलाकारों की स्टाइलिंग पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा एड शीरन के इंग्लिश रैप को लेकर भी चर्चा हो रही है। कुछ लोगों ने इसकी तुलना सिद्धार्थ आनंद की पिछली फिल्मों के गानों से की है। इस गाने को सचिन-जिगर ने कंपोज किया है।