साउथ सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडाला शादी के 13 साल बाद एक-दूसरे से अलग हो गए हैं। दोनों ने सोमवार को एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर इस फैसले की जानकारी दी। डिप्टी चीफ मिनिस्टर के ऑफिस से जारी एक बयान के मुताबिक, यह फैसला आपसी समझ और सम्मान के साथ लिया गया।
पवन कल्याण, अन्ना कोनिडाला
- फोटो : इंस्टाग्राम@anna.konidala
बयान में लिखी गई ये बात
जॉइंट स्टेटमेंट में पवन कल्याण और अन्ना ने कहा, 'अपनी जिंदगी का एक अहम हिस्सा साथ बिताने के बाद हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त और अपने बच्चों के जिम्मेदार माता-पिता बने रहेंगे। हमारे बच्चों की खुशी और उनकी भलाई हमेशा हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी।'
दोनों ने आगे कहा कि जिंदगी के इस निजी बदलाव के दौरान उन्हें लोगों की समझदारी, संवेदनशीलता और प्राइवेसी का सम्मान चाहिए। साथ ही, उन्होंने इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का शुक्रिया भी अदा किया।
पवन कल्याण, अन्ना
- फोटो : इंस्टाग्राम@anna.konidala
पवन कल्याण की तीसरी पत्नी थीं अन्ना कोनिडेला
बता दें कि साल 2011 में तेलुगु फिल्म 'तीन मार' की शूटिंग के दौरान रशियन मॉडल अन्ना लेजनेवा से पवन कल्याण की मुलाकात हुई थी। अन्ना लेजनेवा रूसी मूल की हैं और उन्होंने इस फिल्म में एक छोटा सा किरदार निभाया था। पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इसके बाद सितंबर 2013 में दोनों ने हैदराबाद में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में शादी कर ली। कपल की एक बेटी पोलेना अंजना पवनोवा और बेटा मार्क शंकर पवनोविच है।
पवन कल्याण की पहली और दूसरी पत्नी कौन?
पवन कल्याण ने पहली शादी मई 1997 में नंदिनी से शादी की और दोनों 1999 में अलग हो गए। हालांकि, दोनों का डिवोर्स 10 साल बाद 2008 में हुआ। पवन ने नंदिनी को एलिमनी के तौर पर 5 करोड़ रुपये दिए।
इसके बाद पवन कल्याण ने 2001 में फिल्म 'बद्री' की को-स्टार रेणु देसाई के साथ लिव इन में रहना शुरू किया। 2004 में दोनों के बेटे अकीरा नंदन का जन्म हुआ। जनवरी 2009 में पवन ने रेनु से अपने घर पर आर्य समाज के अनुसार शादी की। 2010 में बेटी आध्या का जन्म हुआ। 2012 में पवन और रेनु का डिवोर्स हो गया।