कैसे शुरू हुआ विवाद?
कांग्रेस के द्वारा बिहार में महिलाओं को पैड बांटने की योजना पर विवाद पैदा हो गया है। दरअसल, कॉमेडियन रतन रंजन ने कांग्रेस की इस योजना पर व्यंगात्मक वीडियो बनाया। वीडियो में उन्होंने सैनिटरी नैपकिन का पैकेट हाथ में पकड़ा हुआ है, जिस पर राहुल गांधी की तस्वीर छपी है। इसके बाद वे एक नेपकिन निकालकर दिखाते हैं, इस पर राहुल गांधी की मॉर्फ्ड तस्वीर लगी है। इसी पर विवाद शुरू हुआ है।
हैदराबाद में दर्ज शिकायत
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक रतन रंजन पर हैदराबाद में एफआईआर दर्ज की गई है। तेलंगाना युवा कांग्रेस के अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में रंजन और अन्य पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी के खिलाफ झूठी और दुर्भावनापूर्ण जानकारी फैलाने और महिलाओं को निशाना बनाकर अश्लील सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता ने लगाए ये आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, 'कॉमेडियन रतन रंजन ने राहुल गांधी की एक छेड़छाड़ की हुई तस्वीर पोस्ट की और उसे सैनिटरी पैड पर लगा हुआ दिखाया'। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि रंजन ने इलेक्ट्रॉनिक फॉर्म में अश्लील सामग्री प्रकाशित/प्रसारित करके न केवल बिहार, बल्कि पूरे भारत में महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई है और महिलाओं के स्वास्थ्य के मुद्दे को तुच्छ बताया है।
अन्य लोगों पर भी हुआ एक्शन
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने हाल ही में बिहार में गरीब महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित करने का अभियान शुरू किया था, जिसका उद्देश्य स्वच्छता के बारे में जागरूकता फैलाना था, ताकि वे स्वस्थ जीवन जी सकें। शिकायतकर्ता ने बताया कि रंजन के पोस्ट को कुछ अन्य लोगों ने भी री-ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि गलत सूचना और राहुल गांधी की फोटो से छेड़छाड़ करने तथा अश्लील सामग्री प्रदर्शित करने और प्रसारित करने तथा महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।