पंजाबी गायक और अभिनेता राजवीर जवंदा हाल ही में हिमाचल प्रदेश के बद्दी के पास हुई एक गंभीर बाइक दुर्घटना में घायल हो गए थे। इसके बाद मोहाली के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उनके फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। अब इस बीच पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क ने राजवीर के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी है।
एमी ने इंस्टाग्राम पर शेयर की अपडेट
एमी ने अपने इंस्टाग्राम पर राजवीर जवंदा की एक मुस्कुराती हुई तस्वीर शेयर की है। इसके साथ ही उन्होंने उस तस्वीर पर पंजाबी में लिखकर राजवीर के हेल्थ के बारे में अपडेट दिया है। इसमें एमी ने लिखा, ‘राजवीर वीर की धड़कन अब स्थिर है। ऊपर वाला अपनी कृपा दिखा रहा है और हमारी प्रार्थनाएं असर कर रही हैं। हिम्मत बनाए रखें। राजवीर बहुत खुश हैं।’ एमी की इस पोस्ट पर फैंस कमेंट करके राजवीर के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने लगे।
अस्पताल के 30 सितंबर के बयान में सिंगर की हालत बताई नाजुक
इससे पहले पीटीआई द्वारा फोर्टिस अस्पताल का 30 सितंबर का एक बयान जारी किया गया था। इसके अनुसार, गायक की न्यूरोलॉजिकल संबंधी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनके दिमाग की एक्टिविटी भी काफी धीमी है। उपचार के बावजूद राजवीर की सेहत में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। वह वर्तमान में वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। राजवीर के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार ये चोटें जानलेवा हैं।
यह खबर भी पढ़ेंः Rajvir Jawanda: 'प्लीज राजवीर के लिए दुआ करें, दुआ में बहुत असर है', कॉन्सर्ट के बीच दिलजीत ने फैंस से की अपील
शनिवार सुबह हुआ था एक्सीडेंट
गायक राजवीर का एक्सीडेंट शनिवार सुबह हुआ था। जब वह अपनी बाइक चला रहे थे। उन्हें पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उन्हें दिल का दौरा पड़ा। बाद में उन्हें अधिक इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल भेज दिया गया।