क्या तनिष्क पर कसा अमाल ने तंज?
कंपोजर तनिष्क बागची ने अहान पांडे और अनीत पड्डा की फिल्म ‘सैयारा’ का ट्रैक बनाया था। हाल ही में इस फिल्म की रिलीज को एक साल पूरा हुआ है। इस बीच तनिष्क ने कथित तौर पर ऐसा आरोप लगाया है कि टाइटल ट्रैक की बकाया रॉयल्टी उन्हें अब तक नहीं मिली है। इस बीच अमाल मलिक ने एक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने लिखा है, 'संगीत जगत के लोग दस साल बाद जाग रहे हैं। बहुत देर हो चुकी है। 10 साल से मैं अकेले लड़ रहा था, तब आप लोग कहां थे'?।
अमाल ने नहीं लिया किसी का नाम
अमाल मलिक ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट शेयर किया है, उसमें उन्होंने तनिष्क बागची या यश राज फिल्म्स किसी का नाम नहीं लिखा है। मगर, क्रिप्टिक तरीके से साझा किए गए उनके पोस्ट को तनिष्क की रॉयल्टी कंट्रोवर्सी से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, अमाल मलिक कई वर्षों से म्यूजिक इंडस्ट्री में रॉयल्टी को लेकर अपनी आवाज उठा रहे हैं।
मेकर्स की तरफ से क्या कहा गया?
तनिष्क के दावों के बाद 'सैयारा' के मेकर्स की तरफ से कहा गया कि सारा भुगतान पहले ही कर दिया गया। YRF के आधिकारिक बयान में कहा गया, 'फिल्म 'सैयारा' का टाइटल ट्रैक तीन कंपोजर्स- तनिष्क बागची, फहीम अब्दुल्ला और अर्सलान निजामी के बीच शानदार सहयोग था। हम उनके काम के प्रति शुक्रगुजार हैं। उनके बनाए गाने को फैंस ने खूब पसंद किया। साथ ही कहा गया कि टाइटल ट्रैक की रॉयल्टी तीनों कंपोजर्स के बीच बराबर बांटी गई है। आगे भी बांटी जाती रहेगी। तनिष्क सहित सभी ने इस पर कॉन्ट्रैक्ट में सहमति जताई थी। बता दें कि रॉयल्टी को लेकर तनिष्क ने सोशल मीडिया पर दावा किया था। मगर, मेकर्स की तरफ से रिएक्शन आने के बाद उन्होंने पोस्ट डिलीट कर दिया।