आलिया भट्ट यशराज फिल्म्स की स्पाई यूनिवर्स में नजर आने वाली हैं। आलिया के साथ इस फिल्म में शरवरी वाघ भी अहम भूमिका में दिखेंगी। फिल्म के सेट के लिए कड़ी सुरक्षा की तैयारी की जा रही है, ताकि शूटिंग से जुड़ी कोई भी तस्वीर या जानकारी बाहर ना जा सके।
आलिया भट्ट वैसे तो हमेशा चर्चा में रहती हैं, पर इन दिनों वह यश राज फिल्म्स की स्पाई यूनिवर्स को लेकर सुर्खियों में बनी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आलिया के साथ इस फिल्म में शरवरी वाघ और अनिल कपूर भी नजर आएंगे। इस परियोजना में आलिया के अभिनय करने की खबर की पुष्टि कुछ समय पहले यशराज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी ने की थी। उन्होंने कहा कि वो यशराज फिल्म्स के सबसे बेशकीमती परियोजना पर काम कर रहे हैं, उन्हें इस पर गर्व है। बहुत सारी चीजें हैं जो स्पाई यूनिवर्स में आएंगी। इसके अंतर्गत वह कई सारी फिल्मों का निर्माण करेंगे।
कड़ी सुरक्षा में होगी शूटिंग
कुछ समय पहले आलिया भट्ट की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई थी। अब प्रोडक्शन हाउस इस पर सख्त है और उसने निर्णय लिया है कि शूटिंग से जुड़ी हुई किसी भी तरह की तस्वीर या जानकारी बाहर ना जा सके। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस वजह से सेट पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार आलिया इस समय फिल्म के एक एक्शन सीन के लिए बहुत ही कड़ी और गंभीर ट्रेनिंग कर रही हैं। कहा जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग जुलाई से शुरू हो सकती है।
शरवरी वाघ भी आएंगी नजर
हाल ही में दिए गए एक साक्षात्कार में शरवरी वाघ ने फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की और कहा, ‘मैं आलिया भट्ट के साथ स्पाई यूनिवर्स कर रही हूं। वह मेरी पसंदीदा अभिनेत्री हैं, मैं उनके बारे में क्या कहूं? यह एक बड़ी व्यावसायिक जासूसी फिल्म है। मैं जो फिल्म कर रही हूं, वे सभी एक दूसरे से बहुत अलग शैली की हैं और मैं इसके लिए खुद को भाग्यशाली मानती हूं।’
कार्तिक के लिए लाए हुए आम खुद खा गया प्रशंसक, फिर हुआ कुछ ऐसा