आमतौर पर सिनेमाघरों के बाद फिल्में ओटीटी पर रिलीज होती हैं। लेकिन अक्षय खन्ना की एक फिल्म ओटीटी पर आने के चार साल बाद सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का नाम भी बदल गया है। जानिए कौनसी है यह फिल्म।
4 जुलाई को नए नाम से रिलीज होगी फिल्म
2021 में ओटीटी पर रिलीज हुई अक्षय खन्ना की फिल्म 'स्टेट ऑफ सीज: टेंपल अटैक' अब चार साल बाद बड़े पर्दे पर रिलीज को पूरी तरह से तैयार है। फिल्म अपने नए टाइटल के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। अब फिल्म 'अक्षरधाम: ऑपरेशन वज्र शक्ति' के शीर्षक से सिनेमाघरों में 4 जुलाई को रिलीज होने वाली है।
मेकर्स ने पोस्ट शेयर कर दी जानकारी
फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने की घोषणा मेकर्स ने खुद की है। मेकर्स की ओर से सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ा एक पोस्टर शेयर किया गया है। इसमें मंदिर के खंभों की एक भयावह झलक दिख रही है। साथ में हाथों में बंदूक लिए कमांडो की परछाई दिखाई दे रही है। इसके साथ कैप्शन में लिखा है, “एक आतंकी घटना का सामना बेमिसाल बहादुरी से हुआ। साहस, बलिदान और जीवित रहने की कहानी जीवंत हो उठती है। 'अक्षरधाम: ऑपरेशन वज्र शक्ति' 4 जुलाई से सिनेमाघरों में।”
केन घोष ने किया है फिल्म का निर्देशन
केन घोष द्वारा निर्देशित यह फिल्म गुजरात के अक्षरधाम मंदिर पर 2002 में हुए दुखद आतंकवादी हमले और आतंकवादियों को बेअसर करने के लिए भारत के विशिष्ट राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) द्वारा किए गए जवाबी अभियान की कहानी पर आधारित है। यह फिल्म वेब सीरीज 'स्टेट ऑफ सीज: 26/11' का स्टैंडअलोन सीक्वल है, जो 2008 के मुंबई हमलों पर केंद्रित थी।
यह खबर भी पढ़ेंः Sitaare Zameen Par Day 1 Collection: आमिर का 13 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, अच्छे रिव्यू के बाद भी कम रही कमाई
एनएसजी ऑफिसर बने हैं अक्षय खन्ना
फिल्म में अक्षय खन्ना ने एनएसजी अधिकारी मेजर हनुत सिंह की भूमिका निभाई है। फिल्म के बाकी कलाकारों में गौतम रोडे, विवेक दहिया, अक्षय ओबेरॉय और अभिलाष चौधरी प्रमुख रूप से शामिल हैं।