अक्षय कुमार, सैफ अली खान और प्रियदर्शन
- फोटो : इंस्टाग्राम-@akshaykumar
अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। इस फिल्म का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन इस बीच अब अक्षय ने अपनी नई फिल्म ‘हैवान ’की शूटिंग शुरू कर दी है। इस फिल्म में अक्षय अभिनेता सैफ अली खान के साथ नजर आएंगे। अब अक्षय ने शूटिंग के पहले दिन का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।
अक्षय ने शेयर किया वीडियो
अक्षय ने अपने इंस्टाग्राम पर ‘हैवान’ की शूटिंग के पहले दिन का वीडियो शेयर करते हुए ये जानकारी दी है कि उन्होंने प्रियदर्शन की इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। वीडियो में अक्षय के साथ निर्देशक प्रियदर्शन और अभिनेता सैफ अली खान भी नजर आ रहे हैं। तीनों किसी बात पर चर्चा करते और हंसी मजाक करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान तीनों के बीच यह चर्चा हो रही है कि वो कितने वक्त बाद साथ लौट रहे हैं। यह वीडियो फिल्म की शूटिंग शुरू होने के मुहूर्त शॉट से पहले का मालूम पड़ता है। अक्षय हाथ में फिल्म के नाम की स्लेट लिए हुए हैं। जबकि सैफ और प्रियदर्शन साथ में खड़े हैं।
‘कोई ऊपर से संत, कोई अंदर से हैवान’
इस वीडियो को शेयर करते हुए अक्षय ने कैप्शन में लिखा है, ‘हम सब ही हैं थोड़े से शैतान। कोई ऊपर से संत, कोई अंदर से हैवान। अपने सबसे पसंदीदा निर्देशक प्रियदर्शन के ‘हैवान’ की शूटिंग आज से शुरू की। लगभग 18 साल बाद सैफ के साथ काम करने पर काफी उत्साहित और खुश हूं। चलो हैवानियत को शुरू करते हैं।’ अक्षय का ये वीडियो सामने आते ही अब चर्चा का विषय बना हुआ है।