इन दिनों पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा मामले को लेकर कई सितारे कोर्ट का दरवाजा खटखटा रहे हैं। आज गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने अभिनेता अजय देवगन के व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा वाले केस में उन्हें राहत दी है। साथ ही उनके नाम से फैल रही अनुचित सामग्री को हटाने का आदेश दिया है। चलिए पढ़ते हैं पूरी खबर।
हाईकोर्ट ने क्या कहा?
हाईकोर्ट ने कई डिफेंडेंट को AI और डीपफेक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके अजय उर्फ विशाल वीरू देवगन की पर्सनैलिटी ट्रेट्स का इस्तेमाल करने से भी रोका। इसके अलावा इंटरनेट पर अपलोड किए गए कुछ डीपफेक सामग्री को हटाने का आदेश दिया। जस्टिस मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा ने कहा कि वह इस मामले में सिलसिलेवार तरीके से अंतरिम आदेश जारी करेगी।
यह खबर भी पढ़ें:
देओल परिवार कर रहा था 90वें जन्मदिन की तैयारी, धर्मेंद्र के अंतिम दिनों पर बोले अनिल शर्मा- ‘वो ठीक हो रहे थे’
अभिनेता के वकील ने रखा पक्ष
अभिनेता के वकील प्रवीण आनंद ने कहा कि डिफेंडेंट कैप, स्टिकर और पोस्टर सहित कमर्शियल मर्चेंडाइज बनाने में शामिल थे। वो अजय देवगन की नकल कर रहे थे और उन्हें दूसरे सेलिब्रिटीज के साथ खराब तरीके से दिखाने वाली तस्वीरें पोस्ट कर रहे थे। न्यायालय ने सुनवाई के दौरान, वकील से पूछा कि क्या उन्होंने यूट्यूब पर एक्टर के खिलाफ खराब कंटेंट के बारे में डिफेंडेंट यूट्यूब और गूगल के पास विरोध दर्ज कराया है? इस पर वकील ने जवाब दिया, 'नहीं'। यह सुनकर कोर्ट ने कहा कि वह आदेश में बताएंगी कि पहले याचिकाकर्ता सोशल मीडिया इंटरमीडियरी के पास केस दर्ज कराएंगे। कोर्ट ने यह भी कहा कि वह अश्लील सामग्री को हटाने का ऑर्डर देगी। हालांकि कोर्ट ने इस केस में कई डिफेंडेंट को समन भी जारी किए हैं।
कई कलाकारों ने किया कोर्ट का रुख
इससे पहले ऐश्वर्या राय, अभिषेक बच्चन, अमिताभ बच्चन, करण जौहर, ऋषभ शेट्टी, जया बच्चन, ऋतिक रोशन और अक्किनेनी नागार्जुन जैसे कई कलाकारों ने भी अपनी पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए कोर्ट का रुख किया है।